By Ankit Jaiswal | Nov 25, 2025
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी टेस्ट से जुड़ी एक बड़ी चर्चा सामने आई है। मौजूद जानकारी के अनुसार टीम इंडिया की पहली पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई और इसी को लेकर पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने टीम की बल्लेबाज़ी रणनीति पर तीखी टिप्पणी की है।
रवि शास्त्री ने स्टार नेटवर्क की कमेंट्री में कहा कि टीम की सोच बिल्कुल स्पष्ट नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि “यह फैसला समझ से बाहर है। जब यह सीरीज़ खत्म होगी, टीम मैनेजमेंट खुद ही इन चयन को देखकर हैरान होगा। कोलकाता में आपने चार स्पिनर खेले और उनमें से एक ने सिर्फ एक ओवर डाला, जबकि उस समय एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ की जरूरत थी। यहां भी आपने वॉशिंगटन को पिछले मैच में नंबर-3 पर भेजा और अब अचानक उन्हें नंबर-8 पर उतार दिया, जबकि वे इससे बेहतर बल्लेबाजी करते हैं।”
हालांकि, इतने बदलावों के बीच सुंदर और कुलदीप यादव ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 72 अहम रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की हैं। भारत जब 122 पर सात विकेट गंवा चुका था, तब दोनों ने अच्छी साझेदारी कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। सुंदर ने 92 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि कुलदीप ने 134 गेंदें खेलकर 19 रन की जुझारू पारी खेली हैं।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को जानसन ने बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए 6 विकेट लिए, जबकि साइमन हार्मर ने भी 3 विकेट लेकर भारत की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
मौजूदा हालात बताते हैं कि भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी क्रम और चयन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और आने वाले दिनों में इन फैसलों की समीक्षा जरूरी होने वाली हैं।