RBI ने पीएमसी बैंक के जमाकर्ताओं को दी राहत, खाते से निकाल सकेंगे 50,000 रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2019

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने घोटाले से जूझ रहे पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक के ग्राहकों को धन निकासी के मामले में कुछ और राहत दी है। केन्द्रीय बैंक ने कहा है कि पीएमसी बैंक के खाताधारक अब अपने खाते से 50,000 रुपये की निकासी कर सकेंगे। पहले यह सीमा 40,000 रुपये थी। केंद्रीय बैंक ने सितंबर में पीएमसी के खाताधारकों पर धन निकासी के लिये छह माह का प्रतिबंध लगाया था। तब ग्राहकों को खाते से छह माह में मात्र 1,000 रुपये तक की निकासी की अनुमति दी गई थी। इसके बाद से आरबीआई कई बार सीमा बढ़ा चुकी है।

बैंक के अब जमा खाताधारक अब छह महीने में एक बार में या फिर किस्तों में 50,000 रुपये तक की निकासी कर सकते हैं।  यह चौथी बार है जब रिजर्व बैंक ने पीएमसी के ग्राहकों के लिए प्रति खाता निकासी की सीमा बढ़ाई है। केंद्रीय बैंक ने कई वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद 23 सितंबर को पीएमसी बैंक पर कई तरह की पाबंदियां लगाई थीं। उसी समय प्रति ग्राहक केवल 1,000 रुपये निकासी की सीमा तय की गई थी। केंद्रीय बैंक के इस फैसले की काफी आलोचना हुई। रिजर्व बैंक ने पिछले महीने नकद निकासी सीमा को बढ़ाकर 40,000 कर दिया था।

इसे भी पढ़ें: PMC बैंक नगद निकासी पर पाबंदी हटाने वाली याचिका पर केंद्र, आप और RBI को नोटिस

केंद्रीय बैंक ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि बैंक की नकदी की स्थिति की समीक्षा के बाद निकासी सीमा को और बढ़ाकर 50,000 रुपये किया जा रहा है। इसमें पहले के 40,000 रुपये भी शामिल हैं।   निकासी सीमा में की गई इस वृद्धि के बाद बैंक के 78 प्रतिशत से ज्यादा खाताधारक अपने खाते से समूची रकम निकाल सकेंगे। रिजर्व बैंक ने जमाकर्ताओं को 50,000 रुपये की निर्धारित सीमा में बैंक के एटीएम से पैसे निकालने की अनुमति देने का भी फैसला किया है। इससे निकासी प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलेगी।  रिजर्व बैंक ने कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रखे हुये है और बैंक जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिये आगे भी जरूरी कदम उठाना जारी रखेगा।

प्रमुख खबरें

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का 27 सितंबर से Bengal दौरा, पार्टी संगठन की लेंगे बैठकें

पारिवारिक मामलों में ADR और अदालतें साथ मिलकर काम करें: Justice BV Nagarathna

Priyanka Gandhi ने Wayanad में विकास योजनाओं और सांसद निधि के काम की समीक्षा की

Gujarat के Kandla में 2,300 करोड़ रुपये से बनेगा देश का पहला बंदरगाह आधारित E-Methanol Plant