By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026
नयी दिल्ली, 29 जुलाई आरडी इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 426 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पांच अगस्त को खुलेगा। कंपनी ने बुधवार को सार्वजनिक घोषणा में बताया कि इसके लिए मूल्य दायरा 50-53 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इससे कंपनी का मूल्यांकन 1,671 करोड़ रुपये होगा।
नए शेयर के निर्गम से प्राप्त राशि में से 220 करोड़ रुपये कंपनी की अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए, 22 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए और शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जाएगी। आरडी इंडस्ट्रीज संसाधनों का अनुकूलतम इस्तेमाल यानी ‘सर्कुलर इकोनॉमी’ क्षेत्र में काम करती है। कंपनी उन ऊर्जा भंडारण उत्पादों और गैर-लौह धातु कबाड़ (स्क्रैप) का पुनर्चक्रण करती है जिनकी अवधि खत्म हो चुकी है।
इसके अलावा, यह अपशिष्ट से महत्वपूर्ण संसाधनों को पुनः प्राप्त कर ऊर्जा भंडारण, ई-परिवहन, वाहन और रसायन क्षेत्र में उपयोग होने वाला शुद्ध सीसा एवं सीसा मिश्रधातु का विनिर्माण करती है। कंपनी का शेयर 12 अगस्त को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकता है।