By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 12, 2022
नयी दिल्ली। अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने वैश्विक स्तर पर ब्लू हाइड्रोजन के सबसे बड़े उत्पादकों में शामिल होने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही रिलायंस ने शून्य उत्सर्जन वाले इसी ईंधन को वैश्विक औसत उत्पादन लागत के मुकाबले आधी कीमत पर तैयार करने की बात कही है। रिलायंस ने एक प्रस्तुति में कहा कि कंपनी इस समय पेट्रोलियम कोक को संश्लेषण गैस में परिवर्तित करने वाले 30,000 करोड़ रुपये के संयंत्र को ब्लू हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए फिर से तैयार करेगी। हाइड्रोजन अभी तक ज्ञात ईंधनों में सबसे स्वच्छ ईंधन है, और उत्पादन के तरीके के आधार पर यह हरा, नीला या ग्रे हो सकता है।