Elon Musk की Starlink का स्वागत, रिलायंस बोली- प्रतिस्पर्धा से डर नहीं लेकिन कानून मानना होगा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026

(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने शुक्रवार को कहा कि वह प्रतिस्पर्धा से नहीं डरती और उपग्रह संचार क्षेत्र में एलन मस्क की स्टारलिंक सहित सभी कंपनियों का स्वागत करती है। हालांकि, कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि हर कंपनी को भारतीय कानूनों का पालन करना होगा। कंपनी ने हाल में अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की ओर से भारत के उपग्रह संचार बाजार में प्रतिस्पर्धा को लेकर की गई सार्वजनिक टिप्पणियों के बाद पहली बार सीधे तौर पर बयान जारी किया है।

बयान के अनुसार, जियो ने भी 2016 में भारत के प्रतिस्पर्धा से भरे दूरसंचार बाजार में एक नए खिलाड़ी के रूप में प्रवेश किया था। उस समय उसका एक भी ग्राहक नहीं था। हालांकि, केवल 10 साल में उसने 53 करोड़ से अधिक ग्राहकों का भरोसा हासिल किया और भारतीयों को दुनिया के सबसे बेहतर डिजिटल बुनियादी ढांचों में से एक तथा सबसे किफायती डेटा सेवाएं उपलब्ध कराईं।

इसमें कहा गया, ‘‘हम स्टारलिंक सहित उपग्रह संचार क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करते हैं। जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों की सेवा करनी होगी और देश के कानूनों तथा नीतियों का पालन करना होगा।’’ रिलायंस ने कहा कि हर भारतीय उद्यम की तरह उसने भी ऐसे भारत में तरक्की की है, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाने वाले घरेलू या अंतरराष्ट्रीय निवेश और नवाचार का स्वागत करता है। बयान में कहा गया, ‘‘इस खुलेपन का आधार कानून का शासन है।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह भारतीय या विदेशी, हर आवेदक के लिए एक ही प्रक्रिया अपनाती है। जियो की अपनी उपग्रह सेवाएं भी मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही हैं।’’

प्रमुख खबरें

हाथों में कलाश्निकोव और यहूदियों को गोली मारने की इच्छा, सामने आई पूर्व हमास चीफ के बेटे की चिट्ठी

कार्यकर्ताओं की समस्याएं सीधे सुनेंगे पार्टी नेता, BJP दफ्तर में शुरू हुई जन सुनवाई

Rajnath Singh का कांग्रेस पर हमला, कहा बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिश कर रहा विपक्ष

Night Shift करने वाली महिलाओं में Breast Cancer का खतरा, रिसर्च में सामने आया कनेक्शन