ICC Test Rankings: आठवें पायदान पर ऋषभ पंत और 10वें स्थान पर फिसले शुभमन गिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 11, 2026

 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में विकेटकीपर ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल शीर्ष 10 में शामिल भारतीय बल्लेबाज हैं। पंत (713 रेटिंग अंक) आठवें और गिल (697) दसवें नंबर पर हैं। ये दोनों नवीनतम सूची में एक पायदान नीचे खिसके हैं। एक अन्य भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 13वें स्थान पर हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले दो स्थान पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड, दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।

 इस बीच अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह आईसीसी टेस्ट खिलाड़ियों की रैंकिंग की किसी भी श्रेणी में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रहमत ने शारजाह में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में 173 रन की शानदार पारी खेली थी जिससे वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। यह रहमत के करियर का पांचवां टेस्ट शतक था जिसके दम पर यह 33 वर्षीय खिलाड़ी गिल, दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस से ऊपर पहुंच गए हैं। 

आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क शीर्ष पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन शीर्ष पांच गेंदबाजों में शामिल हैं। टेस्ट ऑलराउंडर की रैंकिंग में यानसन के बाद भारत के रविंद्र जडेजा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। 

वाशिंगटन सुंदर शीर्ष 10 में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं। वह सातवें स्थान पर हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही श्रृंखला के पहले दो मैचों के बाद वनडे रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अक्षर पटेल वनडे गेंदबाजों की सूची में 23 पायदान ऊपर 21वें स्थान पर जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 11 पायदान ऊपर 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ लंबी छलांग लगाकर 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वह इससे पहले शीर्ष 100 में शामिल नहीं थे।

प्रमुख खबरें

Kulgam में CRPF चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, गोलीबारी में 3 जवान जख्मी

Sachin Tendulkar अपने 26 ऐतिहासिक बल्ले और जर्सी MCA Museum को करेंगे भेंट

Neeraj Kumar ने 50m Rifle 3P में जीता कांस्य, भारत को दिलाया Los Angeles Olympics कोटा

ISSF World Championship में नीरज कुमार ने जीता कांस्य पदक, भारत के लिए पक्का किया ओलंपिक कोटा