आरएमएल, लेडी हार्डिंग और कलावती सरन बाल चिकित्सालय जूझ रहे हैं जलापूर्ति की समस्या से

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 19, 2024

नयी दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा संचालित राम मनोहर लोहिया(आरएमएल), लेडी हार्डिंग और अस्पताल समेत कलावती सरन बाल चिकित्सालय जल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं, क्योंकि भूमिगत जलाशयों को दिल्ली जल बोर्ड से कम पानी मिल रहा है। नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के सदस्य कुलजीत सिंह चहल ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी पिछले कई हफ्तों से भीषण जल संकट से जूझ रही है, भीषण गर्मी के कारण जल आपूर्ति न के बराबर है और निजी पानी के टैंकरों से इस कमी को पूरा किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि गोल मार्केट, बंगाली मार्केट, तिलक मार्ग, संसद भवन, उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय, न्यायाधीशों के बंगले, डीआईजे क्षेत्र, आरएमएल, कलावती और लेडी हार्डिंग जैसे अस्पतालों में पानी की भारी किल्लत है।चहल ने कहा कि अगर स्थिति नहीं सुलझी तो अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और सफदरजंग अस्पताल भी प्रभावित हो सकते हैं। चंद्रावल जल उपचार संयंत्र से जल प्राप्त करने वाला भूमिगत जलाशय राष्ट्रपति भवन, चाणक्यपुरी, दूतावासों, प्रधानमंत्री आवास, सांसदों के फ्लैट आदि को पानी उपलब्ध कराता है, लेकिन इसकी क्षमता में 30 प्रतिशत की कमी आई है। 

इसे भी पढ़ें: देशभर के 41 हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी मिली

सोनिया विहार जल उपचार संयंत्र से जल प्राप्त करने वाले भूमिगत जलाशय जोर बाग, भारती नगर, पंडारा रोड, खान मार्केट, काका नगर, बापा नगर आदि क्षेत्रों को पानी उपलब्ध कराता है, लेकिन यहां संकट नहीं है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि वे निवासियों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए पानी के टैंकर तैनात कर रहे हैं और अपनी क्षमता के अनुसार शिकायतों का समाधान कर रहे हैं, हालांकि मांग आपूर्ति से अधिक बनी हुई है।

प्रमुख खबरें

RTI नियमों की अनदेखी पर CIC सख्त, MCD को 10 हफ्ते में मांगी एक्शन रिपोर्ट

Kolkata civic wards: TMC बागी गुट ने कसी कमर, सभी 209 वार्डों में BJP और Mamta खेमे से सीधा मुकाबला

Sensex में 417 अंकों की गिरावट, Nifty भी 23,873 पर फिसला

हीरे से लेकर हथियारों तक, Belgium के साथ मिलकर Modi ने Europe के लिए बनाया बड़ा गेम प्लान