By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 24, 2025
अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे की बढ़त के साथ 86.67 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि सुबह के कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में कमी और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने इसकी बढ़त को सीमित कर दिया।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.68 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.19 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 74.43 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर सपाट रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,449.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।