रूस ने विकसित किया दुनिया का पहला कोरोना टीका, अमेरिका को संदेह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 12, 2020

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को घोषणा की कि उनके देश ने कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया का पहला टीका विकसित कर लिया है जो कोविड-19 से निपटने में ‘‘बहुत प्रभावी ढंग से’’ काम करता है और ‘‘एक स्थायी रोग प्रतिरोधक क्षमता’’ का निर्माण करता है। इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि उनकी बेटियों में से एक को यह टीका पहले ही दिया जा चुका है। पुतिन ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस के खिलाफ आज सुबह दुनिया में पहली बार एक टीके का पंजीकरण किया गया है।’’ आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘तास’ ने पुतिन के हवाले से कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि यह बहुत ही प्रभावी ढंग से काम करता है और एक स्थायी रोग प्रतिरोधक क्षमता का निर्माण करता है।’’ पुतिन की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री एलेक्स अजार ने कहा है कि कोविड-19 का पहला टीका बनाने की जगह कोरोना वायरस के खिलाफ एक प्रभावी और सुरक्षित टीका बनाना ज्यादा महत्वपूर्ण है। 

इसे भी पढ़ें: क्या रूस ने बना लिया है 'पहला' कोरोना वैक्सीन? राष्ट्रपति पुतिन की बेटी को लगाया गया पहला टीका

ताइवान की यात्रा पर पहुंचे अजार से एबीसी ने मंगलवार को पूछा कि रूस की इस घोषणा के बारे में वह क्या सोचते हैं कि वह कोरोना वायरस के टीके का पंजीकरण करने वाला पहला देश बन गया है। अजार ने कहा, ‘‘विषय पहले टीका बनाने का नहीं है। विषय ऐसा टीका बनाने का है जो अमेरिकी लोगों और विश्व के लोगों के लिए सुरक्षित तथा प्रभावी हो।’’ उन्होंने कहा कि टीके की सुरक्षा और इसके प्रभाव को साबित करने के लिए पारदर्शी डेटा का होना महत्वपूर्ण है। इंपीरियल कॉलेज लंदन में रोग प्रतिरोधक क्षमता विज्ञान के प्रोफेसर डैनी आल्टमैन ने साइंस मीडिया सेंटर से कहा कि पूर्ण परीक्षण से पहले टीका जारी किए जाने से चिंताएं बढ़ गई हैं। सीएनएन ने उनके हवाले से कहा कि मानकों के अनुरूप तीसरे चरण के परीक्षण के बाद ही टीके को मंजूरी मिलनी चाहिए। बीबीसी के अनुसार विश्व स्वास्थ्य संगठन ने टीके से जुड़ी स्वास्थ्य चिंताओं के बीच पिछले सप्ताह रूस से कहा था कि वह कोविड-19 का टीका बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय दिशा-निर्देशों का पालन करे। रूस का टीका विश्व स्वास्थ्य संगठन के उन छह टीकों की सूची में नहीं है जो तीसरे चरण के परीक्षण की स्थिति में पहुंच चुके हैं। ‘स्पूतनिक न्यूज’ के अनुसार पुतिन ने टीके के विकास और पंजीकरण का दावा एक सरकारी बैठक में किया और कहा कि यह ‘‘विश्व के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम’’ है।

प्रमुख खबरें

मॉस्को में ट्रंप ने अचानक क्यों उतार दिया C-17 ग्लोबमास्टर III, मची खलबली

Delhi: BJP नेता Vijay Goel का अपनी सरकार पर ही निशाना: MP-MLA गिड़गिड़ाते हैं, अफसर काम नहीं करते

Latur में CA गिरफ्तार: 16 फर्जी कंपनियों से विदेश भेजे सैकड़ों करोड़ रुपये

बस बहुत हो गया! आशुतोष राणा से लेकर बाबा रामदेव तक, Kangana Ranaut ने सक्सेस-O-मीटर पर सबको किया पस्त