Assam में सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस के 5 डिब्बे और इंजन बेपटरी, 4 यात्री घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि गुवाहाटी के पास डिगारू में बुधवार सुबह सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन के पटरी से उतरने की घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।

हम इस घटना को लेकर रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं और उनकी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है।’’ घायल हुए लोगों को सोनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। इससे पहले, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा था कि फिलहाल किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘सभी यात्री सुरक्षित हैं और कोई भी चोटिल नहीं हुआ है।’’ प्रवक्ता ने बताया कि किसी अन्य ट्रेन को रास्ता देने के लिए सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन को डिगारू रेलवे स्टेशन पर रोका जा रहा था लेकिन लोको पायलट गति पर नियंत्रण नहीं रख सका जिसके कारण ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कोलकाता से मिजोरम के आइजोल के पास सायरंग जा रही यह ट्रेन कामरूप (मेट्रोपोलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह छह बजकर 54 मिनट पर पटरी से उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को एक वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान चलाने और पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद, गुवाहाटी से जोरहाट जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी और कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानबारी और पानीखाईती में रोका गया।

प्रमुख खबरें

Kolkata-Mumbai Air India Flight Hijack Threat | टेक-ऑफ से ठीक पहले मिला हाईजैक का गुप्त नोट... कांप उठे यात्री, खाली कराया गया विमान!

Mother Dairy ने दूध की कीमतें 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाईं, दिल्ली-एनसीआर में लागू होंगी नई दरें

सर्दियों में Dry Skin से हैं परेशान? मॉइश्चराइजर की जगह अपनाएं ये Skin Care Tips

COP31 के मुख्य एजेंडे से बाहर हुआ हिमालय का मुद्दा, Nepal के विदेश मंत्री ने जताई निराशा