Salesforce ने खेला AI पर बड़ा दांव, Fin के अधिग्रहण से Agentforce Platform होगा और भी स्मार्ट।

By Ankit Jaiswal | Jun 15, 2026

एआई आधारित ग्राहक सेवा क्षेत्र में एक बड़ा सौदा सामने आया है। ग्राहक संबंध प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध कराने वाली अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी सेल्सफोर्स ने घोषणा की है कि वह एआई आधारित ग्राहक सहायता मंच फिन का अधिग्रहण 3.6 अरब अमेरिकी डॉलर में करेगी। इस सौदे को वैश्विक एआई उद्योग में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मौजूद जानकारी के अनुसार सेल्सफोर्स इस अधिग्रहण के जरिए अपने मौजूदा एआई मंच "एजेंटफोर्स" को और अधिक मजबूत बनाना चाहती है। एजेंटफोर्स ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से कंपनियां अपने लिए विशेष डिजिटल सहायक तैयार कर सकती हैं। इन सहायकों का उपयोग दोहराए जाने वाले कार्यों को स्वतः पूरा करने और ग्राहकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए किया जाता है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में एआई तकनीक के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ी है। दुनिया भर की बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियां ऐसे समाधान विकसित करने में लगी हैं, जो व्यवसायों की लागत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद कर सकें। ग्राहक सेवा क्षेत्र को इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभार्थी माना जा रहा है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में रोजाना आने वाले प्रश्नों और शिकायतों का समाधान स्वचालित तरीके से किया जा सकता है।

सेल्सफोर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क बेनिऑफ ने इस सौदे को लेकर कहा कि फिन के पास साबित तकनीक, ग्राहकों की सफलता के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता और एक अनुभवी एआई टीम है। उनके अनुसार फिन की क्षमताएं एजेंटफोर्स को और अधिक प्रभावी बनाएंगी। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियां मिलकर छोटे और बड़े सभी प्रकार के व्यवसायों को भरोसेमंद डिजिटल सहायकों के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करेंगी।

वहीं फिन के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ईओघन मैककेब ने भी इस अधिग्रहण पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी कंपनी लगातार नए उत्पाद और तकनीक विकसित कर रही है। हाल ही में कंपनी ने "एपेक्स" नामक नया मॉडल और "ऑपरेटर" नाम का आंतरिक डिजिटल सहायक भी पेश किया था। उनका मानना है कि सेल्सफोर्स के संसाधनों और वैश्विक पहुंच के साथ विकास की गति और तेज होगी।

ईओघन मैककेब ने यह भी स्पष्ट किया कि अधिग्रहण के बाद कंपनी के संचालन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वह स्वयं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने रहेंगे, जबकि अनुसंधान और विकास विभाग की जिम्मेदारी पहले की तरह डेस संभालते रहेंगे। उन्होंने ग्राहकों और साझेदारों का भरोसा बनाए रखने का भी आश्वासन दिया है।

मौजूद जानकारी के अनुसार यह सौदा सेल्सफोर्स के वित्तीय वर्ष 2027 की अंतिम तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी की वित्तीय गणना पद्धति के अनुसार यह अवधि वर्ष 2027 के शुरुआती महीनों में आती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अधिग्रहण एआई आधारित ग्राहक सेवा उद्योग में प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है और आने वाले समय में व्यवसायों के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रमुख खबरें

रुपये की जबरदस्त रिकवरी: RBI Support और FPI Investment से लगातार छठे दिन Dollar के मुकाबले बढ़ी भारतीय मुद्रा

Bajaj Finance Q1 Results: रिकॉर्ड मुनाफे के साथ Share Price ने छुआ नया शिखर, निवेशकों की हुई चांदी

Commonwealth Games जूडो: अस्मिता, हर्ष और यामिनी ने फाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए

Muslims में Polygamy प्रथा पर Supreme Court ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब