मुलायम सिंह यादव की जयंती पर Akhilesh Yadav ने खोले वादों के पिटारे, छात्रों से लेकर मेडिकल कर्मचारियों तक के लिए ऐलान

Akhilesh Yadav
ANI
एकता । Nov 22 2026 5:19PM

रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में सरकार बनने पर यश भारती सम्मान दोबारा शुरू कर मासिक मानदेय एक लाख रुपये करने का वादा किया है। उन्होंने लैपटॉप वितरण, लॉ यूनिवर्सिटी के विकास और मेडिकल छात्रों के लिए वन बॉन्ड, वन सैलरी व्यवस्था लागू करने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने मौजूदा सरकार की नीतियों की आलोचना की।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने में जुटे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई बड़े वादे किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा। इसके साथ मिलने वाला मासिक मानदेय भी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा।

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में हुआ सुंदरकांड

रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सुंदरकांड का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद की और प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया।

अखिलेश ने अपनी सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटना और प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित करने के लिए यश भारती पुरस्कार शुरू करना समाजवादी आंदोलन की सोच का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर इन योजनाओं को फिर से आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दौरान अखिलेश यादव ने अलग-अलग संस्थानों के मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी बांटे। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “लैपटॉप केवल एक साधन है, असली सफलता मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलती है।”

इसे भी पढ़ें: Chandrashekhar Azad का नया दाव, Samajwadi Party-Congress को 26 नवंबर की रैली में बुलाया

लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को देश के बड़े संस्थानों में शामिल करने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल करने के लिए जरूरी बजट और सुविधाएं दी जाएंगी। छात्राओं के लिए बेहतर और सुरक्षित हॉस्टल बनाए जाएंगे। उनका लक्ष्य विश्वविद्यालय में दुनिया के स्तर की सुविधाएं विकसित करना होगा।

चिकित्सा संस्थानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सपा सरकार ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, राम मनोहर लोहिया संस्थान और सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में चिकित्सा कर्मचारियों को संजय गांधी पीजीआई के समान सुविधाएं दी थीं।

मेडिकल कर्मचारियों के वेतन में अंतर पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर मेडिकल छात्रों के लिए 'वन बॉन्ड, वन सैलरी' व्यवस्था लागू की जाएगी।

मुलायम सिंह यादव की याद में सैफई में बनेगा स्मारक

अखिलेश यादव ने बताया कि सैफई में मुलायम सिंह यादव के सम्मान में स्मारक बनाने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इसका उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के समय सैफई और लखनऊ में बनाए गए स्कूलों को बाद की सरकारों ने बर्बाद कर दिया।

अखिलेश ने आईटीआई और आईआईआईटी लखनऊ की स्थापना का भी जिक्र किया। उन्होंने मौजूदा सरकार पर जमीन माफिया को बढ़ावा देने और प्रस्तावित वेलनेस सिटी का विकास नहीं करने का आरोप लगाया।

इसे भी पढ़ें: UP में BJP सरकार हर मोर्चे पर नाकाम, Akash Anand बोले- चुनाव में जनता हाथी से बराबर करेगी हिसाब

टैबलेट को लेकर सरकार पर कसा तंज

छात्रों को बांटे जा रहे टैबलेट पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ये हरप्पा काल के उपकरण जैसे हैं। उन्होंने कहा कि आज तकनीक गांवों तक पहुंच चुकी है, इसलिए शिक्षा को भी आधुनिक तकनीक के हिसाब से आगे बढ़ाना होगा।

पीडीए के साथ लगातार जुड़ रहे लोग

अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ लगातार लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अलग-अलग वर्गों को एक साथ लाकर इस आंदोलन को मजबूत करने की कोशिश करेगी। कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, “मैं क्यों बताऊं? अपने सूत्रों से पता कर लीजिए।”

All the updates here:

अन्य न्यूज़