सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा राजपाल सिंह यादव का निधन, सैफई में होगा अंतिम संस्कार

By रितिका कमठान | Jan 09, 2025

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई राजपाल सिंह यादव का निधन हो गया है। गुरुवार तड़के चार बजे उनका निधन हुआ है। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली है।

 

उनके निधन की खबर से यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं अपने चाचा के निधन की जानकारी होने पर अखिलेश यादव भी सैफई के लिए रवाना हो चुके है। बता दें कि राजपाल यादव को उनके राजनीति और सामाजिक योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

 

जानकारी के मुताबिक राजपाल यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई होगा। गुरुग्राम से उनका पार्थिव शरीर स्वजन लेकर सैफई के लिए रवाना हो चुका है। माना जा रहा है कि पार्थिव शरीर सैफई दोपहर एक बजे पहुंचेगा। राजपाल यादव का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए अखिलेश यादव के आवास के गेस्ट हाउस में रखा जाएगा। शाम पांच बजे सैफई में उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके निधन के बाद से ही उनके घर पर लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है।

 

बता दें कि राजपाल यादव के निधन की सूचना राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया के जरिए दी। रामगोपाल यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- मैं अत्यंत दुख के साथ ये सूचित कर रहा हूं कि मेरे अनुज राजपाल सिंह का आज सुबह चार बजे मेदांता अस्पताल गुड़गांव में असामयिक निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार मेरे पैतृक गांव सैफई में आज दोपहर बाद किया जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ओम शांति।

प्रमुख खबरें

American citizens से 1.5 करोड़ डॉलर की ठगी के सिलसिले में व्यक्ति गिरफ्तार

वाजपेयी का कद, पदों से कहीं अधिक बड़ा था : Rajnath Singh

अधिकारी मजनू का टीला इलाके में बने अवैध कैफे और रेस्तरां पर कार्रवाई करें : Delhi High Court

Jharkhand : मुर्गों की लड़ाई के दौरान व्यक्ति की गोली मारकर हत्या