संजय जायसवाल का दावा, परिवार को बचाने के लिये तेजस्वी ने की थी भाजपा को समर्थन देने की पेशकश

By अंकित सिंह | Jul 19, 2022

नयी दिल्ली। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को लेकर बिहार की राजनीति गर्म है। तेजस्वी यादव ने हाल में ही नित्यानंद राय को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया था जिसके बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। दरअसल, तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने से पहले नित्यानंद राय ने उनसे राजद में शामिल होने की इच्छा जाहिर की थी। अब भाजपा लगातार तेजस्वी यादव को घेरने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। संजय जायसवाल ने यह दावा कर दिया है कि तेजस्वी यादव चाहते थे कि केंद्र सरकार उनके परिवार को भ्रष्टाचार के मामलों में बचाए और वह इसके बदले राज्य में पार्टी की सरकार बनाने के लिए समर्थन देने को तैयार थे। 

 

इसे भी पढ़ें: राजद में शामिल होने वाले थे केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय? तेजस्वी के दावे पर भाजपा का पलटवार


जायसवाल ने साफ तौर पर बताया कि तेजस्वी यादव ने यह पेशकश केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के समक्ष एक उड़ान के दौरान की थी। उन्होंने कहा कि राजद नेता का यह दावा कि राय उनकी पार्टी में शामिल होना चाहते थे, हताशा में दिया गया बयान था क्योंकि भाजपा ने भ्रष्टाचार से “समझौता” करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि यह राय की यादव के साथ एकमात्र मुलाकात थी। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को पटना में दावा किया था कि राज्य से भाजपा के वरिष्ठ नेता राय ने 2019 में केंद्रीय मंत्री परिषद में शामिल किए जाने से पहले पाला बदलने की इच्छा जाहिर की थी। लोकसभा सांसद जायसवाल ने यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि वह राय के बारे में ऐसे “झूठे दावे” इसलिए कर रहे हैं क्योंकि भाजपा ने भ्रष्टाचार पर समझौता करने से इनकार कर दिया था। भाजपा नेता ने कहा कि उनके (तेजस्वी के) परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और उन्हें जेल जाना ही होगा। 

 

इसे भी पढ़ें: बिहार: टेरर मॉड्यूल पर आया तेजस्वी यादव का बयान, बोले- आज देश में बोया जा रहा ज़हर, मुद्दों पर नहीं होती बात


संजय जायसवाल ने कहा कि वह चाहते थे कि भाजपा उनके परिवार के सदस्यों को जेल जाने से बचाए। वह भाजपा के समर्थन और राज्य में उसकी सरकार बनवाने में मदद के लिये तैयार थे। लेकिन हमारी पार्टी ने भ्रष्टाचार पर समझौता करने से इनकार कर दिया।” राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर कटाक्ष करने के लिए राय द्वारा की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा था, “मुझसे उनके बारे में बात मत करो। वह मंत्री पद पाने से पहले मुझसे मिले थे और मेरी पार्टी में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी।” यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं। लालू और उनके परिवार के कुछ अन्य सदस्यों पर भ्रष्टाचार को लेकर मामले दर्ज हैं। उन्होंने पूर्व में आरोपों को खारिज किया था और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर बदले की कार्रवाई का आरोप मढ़ा था। चारा घोटाले से जुड़े मामलों में लालू प्रसाद यादव को दोषी ठहराए जाने के बाद सजा सुनाई गई है।

प्रमुख खबरें

Delhi में धुंध की मोटी चादर छाई, AQI बहुत खराब श्रेणी में बरकरार

Assam Horrific Incident | पहले धारदार हथियार से हमला, फिर जादू टोना करने के संदेह में दंपति को जिंदा जलाया गया, असम के गांव में डरावनी वारदात

ये खूबसूरत लड़की बनेगी प्रधानमंत्री? अचानक जायमा की एंट्री से हिला बांग्लादेश

भारत में युवाओं से परंपरा और आधुनिकता के बीच किसी एक को चुनने के लिए नहीं कहा जाता: Dharmendra Pradhan