Sarsanghchalak Mohan Bhagwat ने संघ के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 24, 2023

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी के निधन पर सोमवार को गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि वे सुख-दुःख की चिंता न करते हुए कर्तव्य मार्ग पर सतत आगे बढ़ने का प्रत्यक्ष उदाहरण थे और उनके निधन से उन्होंने अपने एक ज्येष्ठ सहयोगी खो दिया। आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने संयुक्त शोक संदेश में कहा, ‘‘मदनदास जी के जाने से हम सब ने अपने ज्येष्ठ सहयोगी को खो दिया है। गत अनेक वर्षों से स्वयं की शारीरिक अस्वस्थता से उनका संघर्ष चल रहा था, आज भोर में उस संघर्ष का हमारे लिए अतीव दुखदायक अंत हुआ है।’’

उनकी पैनी निरीक्षण शक्ति, उत्तम सूझबूझ, प्रचारक व्यवस्था के अनुशासन का कठोर पालन व सबके साथ घुलने मिलने वाला संवादी परंतु सजग स्वभाव हमें बहुत कुछ सिखा गया है।’’ उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहकर वे हमारा नेतृत्व करते हुए हमको आगे बढ़ाते रहें, यह हम सबकी इच्छा थी, परंतु कठोर परिश्रम ने उनके शरीर को धीरे-धीरे जर्जर बना दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ मनुष्य प्रयत्नों पर नियति भारी हो गई और आज का दुखद प्रसंग हमारे सामने हम देख रहे हैं। परंतु सुख-दुःख की चिंता न करते हुए कर्तव्य मार्ग पर सतत आगे बढ़ने का प्रत्यक्ष उदाहरण भी मदनदास जी के जीवन के रूप में हमारे सामने है।’’ भागवत और होसबाले ने शोक संतप्त सभी लोगों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी जीवन तपस्या के कारण उनको उत्तम गति प्राप्त होगी।

इसे भी पढ़ें: Uttar Pradesh: आरएसएस के प्रचारक मदन दास देवी के निधन पर मुख्यमंत्री ने शोक जताया

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं परमेश्वर से हम सबके लिए उचित धैर्य की याचना करता हूं तथा मदनदास जी की पवित्र स्मृति में हमारी व्यक्तिगत तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से श्रद्धांजलि अर्पण करता हूं।’’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी का सोमवार की सुबह बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। आरएसएस के एक बयान के अनुसार, 81 वर्षीय मदन दास देवी ने 24 जुलाई को सुबह करीब पांच बजे बेंगलुरू के राष्ट्रोत्थान अस्पताल में अंतिम श्वांस ली। आरएसएस ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर 1.30 बजे से 4.00 बजे तक संघ के प्रान्त कार्यालय केशव कृपा (बेंगलुरू) में रखा जाएगा।’’ इसमें बताया गया है कि उनका अन्तिम संस्कार मंगलवार, 25 जुलाई को पुणे (महाराष्ट्र) में किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Hardik Pandya की कप्तानी पर Irfan Pathan का बड़ा हमला, बोले- Mumbai Indians को ले डूबे गलत फैसले

जंग के बीच PM Benjamin Netanyahu ने Cancer को दी मात, खुद किया अपनी बीमारी का बड़ा खुलासा

AAP छोड़ने वाले सांसद गद्दार, CM Bhagwant Mann का BJP पर हमला, बोले- Punjab को धोखा दिया

Wankhede में Tilak Varma और Jamie Overton के बीच तीखी बहस, MI vs CSK मैच में हाई-वोल्टेज ड्रामा