मूरख जो खोजन मैं चला... (व्यंग्य)

By डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा उरतृप्त | Apr 01, 2021

एक दिन मुझे लगा कि मेरे चारों ओर मूर्खों की संख्या अधिक हो गयी है। मुझे इन मूर्खों का पता लगाने की इच्छा हुई। इसके लिए मैंने अपने एक घनिष्ठ मित्र की सहायता ली। चूँकि मेरा मित्र मुझे और मेरे ईर्द-गिर्द रहने वालों को अच्छी तरह से जानता था, सो यह जिम्मेदारी उसे सौंप दी। मैंने उससे कहा कि तुम जल्दी से मूर्खों की सूची बनाओ जिससे मैं वैसे लोगों से दूर रह सकूँ। उनके कारण आए दिन मेरा समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।

इस पर मित्र ने कहा कि सबसे पहले तो आपके दिमाग में यह बात आयी ही क्यों कि कौन बुद्धिमान है और कौन मूर्ख? बुद्धिमान लोगों पर संदेह करना या उनकी बुद्धिमता पर प्रश्नचिह्न लगाना मूर्खों का लक्षण नहीं तो और क्या है? इसीलिए मेरी नजर में आपसे बढ़कर कोई दूसरा मूर्ख हो ही नहीं सकता। 

मैं अपना आपा खो चुका था। मित्र से कहा कि तुम्हें मैंने मेरे मूर्ख मित्रों की सूची बनाने की जिम्मेदारी क्या सौंप दी, तुम स्वयं को बड़ा बुद्धिमान समझने लगे। तुमने मेरे सभी मित्रों को मूर्ख बताने की बहुत बड़ी भूल की है। मैं तुम्हें यह साबित कर दिखाऊँगा कि मूर्ख मैं नहीं तुम हो। इस पर मित्र ने कहा कि यदि ऐसा होता भी है तो आप ही मूर्ख साबित होंगे। सबसे पहली बात तो यह कि जो व्यक्ति स्वयं को बुद्धिमान मानता हो और वही मूर्ख मित्रों की खोज में लगा हो तो वह मूर्ख नहीं तो और क्या होगा? इसीलिए आपसे बढ़कर मूर्ख और कौन हो सकता है? सच तो यह है कि मूर्ख-वूर्ख नाम का कोई प्राणी होता ही नहीं है। जो हमारे काम आ जाए वह समझदार, बुद्धिमान लगने लगता है। यदि वह किसी काम न आए तो उसे हम बेकार और बात न मानने पर बेवकूफ कहने लगते हैं। 

इसे भी पढ़ें: शांत विज्ञापन पट्टों का बोलता मोहल्ला (व्यंग्य)

मुझे उस दिन पहली बार लगा कि मूर्खता तो एक अवस्था है। महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन के मुताबिक समझदारी और मूर्खता में मोटा फर्क यह है कि समझदारी की एक सीमा होती है, जबकि मूर्खता की कोई सीमा नहीं होती। मूर्खता की खोज किसी बुराई की खोज से कम नहीं है। वास्तव में मेरे मित्र ने मूर्खों की सूची के नाम पर एकमात्र मेरा नाम लिखकर उसने कबीर के बदले हुए शब्दों में सिद्ध कर दिया कि मूरख जो खोजन मैं चला, मूरख न मिलिया कोय/ जो मूरख खोजा आपने, मुझसे मूरख न कोय।

- डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा उरतृप्त

प्रमुख खबरें

ISL में Churchill Brothers की वापसी, मडगांव में Mumbai City FC से मुकाबला

Top 10 Breaking News 10 October 2026 | UN में पाकिस्तान को भारत की दो टूक | मणिपुर के कामजोंग में महिला की हत्या के बाद भड़की हिंसा | देश-विदेश से जुड़ी आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

Mumbai Police ने Tushar Gandhi को हिरासत में लिया, अगस्त क्रांति मैदान में होना था प्रदर्शन

इन्फ्लुएंसर Faisal Shaikh उर्फ़ फ़ैसू ने मदीना में तान्या से शादी की, शेयर की खूबसूरत तस्वीरें; बताया सपना सच होने जैसा