नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार से हिंदी फिल्मों का प्रदर्शन बंद रहेगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 18, 2023

 फिल्म ‘आदिपुरुष’ में ‘‘आपत्तिजनक’’ शब्दों और सीता के चित्रण को लेकर सोमवार से नेपाल की राजधानी काठमांडू में सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया जायेगा। शहर के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को यह घोषणा की। काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह ने काठमांडू महानगरीय क्षेत्र (केएमसी) में सभी हिंदी फिल्मों पर प्रतिबंध लगाये जाने संबंधी फैसले का बचाव करते हुए कहा कि ‘आदिपुरुष’ फिल्म के एक संवाद को हटाये बिना प्रदर्शित करने से ‘‘अपूरणीय क्षति’’ होगी। शाह ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘सोमवार, 19 जून से काठमांडू महानगरीय क्षेत्र में सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी जाएगी, क्योंकि फिल्म ‘आदिपुरुष’ के संवाद में आपत्तिजनक शब्द अभी तक नहीं हटाए गए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम पहले ही काठमांडू में सिनेमाघर मालिकों से सहयोग के लिए बात कर चुके हैं और वे सोमवार से काठमांडू के सिनेमाघरों में स्वेच्छा से हिंदी फिल्मों की स्क्रीनिंग बंद करने पर सहमत हो गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि सिनेमाघर सोमवार से हिंदी फिल्में दिखाने के बजाय नेपाली फिल्में दिखा सकते हैं। आदिपुरुष शुक्रवार को पूरे भारत में रिलीज हुई थी। फिल्म में प्रभास भगवान राम, कृति सेनन माता सीता और सैफ अली खान लंकापति रावण की भूमिका में हैं। आदिपुरुष हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और तमिल भाषाओं में रिलीज हुई है।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप