भारतीय संसद में Akhand Bharat का भित्तिचित्र देखकर Pakistan, Nepal की बढ़ी टेंशन, पाक ने भारत को बताया विस्तारवादी

By नीरज कुमार दुबे | Jun 03, 2023

भारत की नयी संसद में अखंड भारत का भित्तिचित्र क्या लगा, हमारे पड़ोसी देशों- पाकिस्तान और नेपाल में बवाल हो गया है। पाकिस्तान टेंशन में आ गया है तो नेपाल ने भी इस पर आपत्ति जता दी है। इस बीच, भारत ने नये संसद भवन में एक भित्तिचित्र पर नेपाल और पाकिस्तान में कुछ चिंताओं की पृष्ठभूमि में कहा कि यह भित्तिचित्र प्रागैतिहासिक अशोक साम्राज्य के प्रसार को दर्शाता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया ब्रीफिंग में भित्तिचित्र को एक ऐसी कृति बताया जो प्रागैतिहासिक अशोक साम्राज्य के प्रसार को चित्रित करती है। इस मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘उक्त भित्तिचित्र अशोक साम्राज्य के प्रसार को और जिम्मेदार तथा जन-हितैषी शासन के उस विचार को रेखांकित करता है जिसे उन्होंने (सम्राट अशोक ने) अपनाया था और प्रसारित किया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही बात भित्तिचित्र के सामने लगी पट्टिका में लिखी है। मुझे इस बारे में वाकई और कुछ नहीं कहना। मैं उन बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करूँगा जो अन्य नेताओं ने दिये हो सकते हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: Mohan Bhagwat ने विभाजन को गलत निर्णय बताते हुए अखंड भारत की वकालत की

हम आपको बता दें कि रिपोर्टों के मुताबिक नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई ने बृहस्पतिवार को कहा था कि नये संसद भवन में ‘अखंड भारत’ के भित्तिचित्र में उसके निकट पड़ोस में प्राचीन भारत के प्रभाव को दर्शाने से अनावश्यक कूटनीतिक विवाद पैदा हो सकते हैं। उधर, पाकिस्तान भी भारत की नयी संसद में अखंड भारत के भित्तिचित्र को देखकर आग बबूला हो गया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने कहा है कि भारतीय संसद में लगाये गये प्रचीन भारत के भित्तिचित्र में पाकिस्तान और अन्य पड़ोसी देशों के इलाके को भी दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अखंड भारत के विचार से बहुत चिंतित है और भाजपा नेताओं के बयानों से बहुत चिंतित है। पाकिस्तान ने कहा है कि अखंड भारत का भित्तिचित्र लगाया जाना भारत की विस्तारवादी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत पड़ोसी देशों, धार्मिक अल्पसंख्यकों की विचारधारा और संस्कृति को पराजित करना चाहता है। हम आपको बता दें कि नयी संसद भवन में लगाये गये इस भित्तिचित्र के सामने आने के बाद भाजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं दी थीं।

प्रमुख खबरें

Ram Mandir Donation Scam: अखिलेश यादव ने Trust के पुनर्गठन की मांग की, BJP पर साधा निशाना

अमेरिका-कनाडा और यूरोप में भारतीय गैंगस्टर्स पर बड़ा एक्शन, हत्या, जबरन वसूली और ड्रग्स से जुड़े आरोपों में चार्जशीट दाखिल

AIIMS Doctor ने कहा, मॉनसून में Dengue से बचना है, तो प्लेटलेट्स का रोना छोड़ो और इन लक्षणों पर ध्यान दो!

Rajasthan में 20 टन संदिग्ध Beef पर बवाल, भैंस या गाय का मांस? अब Lab Test से खुलेगा राज