BSE Sensex में 500 अंकों की गिरावट, Nifty फिसलकर 25,228 पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव में स्थानीय शेयर बाजार दो कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद बुधवार को नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 500 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 25,230 अंक के नीचे आ गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 751.72 अंक यानी 0.91 प्रतिशत तक गिरकर 81,780.47 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 159.45 अंक यानी 0.63 प्रतिशत गिरकर 25,227.95 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत गिरा।

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.49 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.45 प्रतिशत, इटर्नल में 2.45 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.97 प्रतिशत और इन्फोसिस में 1.86 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके उलट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हुई है।

इससे डॉलर मजबूत हुआ और ब्याज आय नहीं देने वाली सोने जैसी संपत्तियों पर दबाव पड़ा। वैश्विक जिंस कीमतों में भी कमजोरी आई।’’ नायर ने कहा कि घरेलू स्तर पर हाल के उच्च स्तर के आसपास निवेशकों ने मुनाफावसूली की। ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल से शेयरों के मूल्यांकन पर दबाव पड़ा।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों के निवेश से रुपये को समर्थन मिला। इस महीने 17 नवंबर तक सेंसेक्स में करीब 11 प्रतिशत और निफ्टी में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी। मंगलवार को सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत चढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत बढ़कर 25,387.40 अंक पर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत गिरकर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘नए सकारात्मक संकेतों के अभाव में निवेशकों ने पिछले दो सत्रों की तेजी के बाद मुनाफावसूली की।

टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्र में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। आभूषण कंपनियों के शेयरों में कमजोरी इसका प्रमुख कारण रही। वाहन, सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय सेवा क्षेत्रों में भी दबाव रहा।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा।

यूरोपीय बाजारों में दोपहर के सत्र में मिला-जुला रुख देखा गया। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 1.64 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 1.03 प्रतिशत और नैस्डैक कम्पोजिट में 0.74 प्रतिशत की गिरावट रही।

प्रमुख खबरें

Punjab रेल धमाका मामले में अमेरिका से निर्वासित KZF आतंकी Thikriwala गिरफ्तार

Couples Workout Benefits: सिर्फ डेट पर जाने से नहीं, साथ वर्कआउट करने से भी बढ़ता है प्यार

British Royals के लिए चमका दी Mumbai, आम जनता के लिए कचरा! Bombay High Court की टिप्पणी ने खोली प्रशासन की पोल

Maharashtra Onion Farmers ने पैदावार बढ़ने के अनुमान पर मांगा 3000 रुपये क्विंटल का न्यूनतम दाम