मंदी की आशंका में सेंसेक्स ने गवांई शुरुआती बढ़त, 131 अंक गिरकर हुआ बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 27, 2020

मुंबई। बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 131 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। आरबीआई के यह कहने के बाद कि कोरोना वायरस महामारी के चलते वार्षिक वृद्धि दर के अनुमान जोखिम में हैं, बाजार में आर्थिक मंदी की आशंका गहरा गई। इसके चलते सेंसेक्स ने दिन के कारोबार के दौरान हासिल शुरुआती बढ़त गवां दी और यह पिछले तीन दिन की तेजी के बाद गिरकर बंद हुआ। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने महामारी के दौरान अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए बीते 11 वर्षों से अधिक समय के दौरान ब्याज दर में सबसे अधिक कटौती का ऐलान किया है।

केद्रीय बैंक ने रेपो दर में 0.75 प्रतिशत की कटौती कर उसे 4.4 प्रतिशत कर दिया गया है, जो कम से कम पिछले 15 वर्षों में सबसे कम है। इसके अलावा रिजर्व बैंक ने बैंकिंग प्रणाली में 1.37 लाख करोड़ रुपये जारी करने के लिए सभी बैंकों के नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) को एक प्रतिशत घटाकर तीन प्रतिशत कर दिया।बैंक ने सभी ऋणों पर मासिक किस्त भुगतान को तीन महीने के लिए रोकने की अनुमति भी दी है। बीएसई सेंसेक्स सुबह काफी तेजी के साथ खुला लेकिन उसने अपनी पूरी बढ़त गवां दी और अंत में यह 131.18 अंक या 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 29,815.59 पर बंद हुआ।दिन के कारोबार के दौरान इसने 31,126.03 का ऊपरी स्तर और 29,346.99 का निचला स्तर छुआ। दूसरी ओर एनएसई का प्रमुख निफ्टी सूचकांक 18.80 अंक या 0.22 प्रतिशत बढ़कर 8,660.25 अंक पर बंद हुआ।

इसे भी पढ़ें: कोरोना के खिलाफ लड़ाई में आगे आया उद्योग जगत, मदद के लिए बढ़ाया हाथ

सेंसेक्स की बात करें तो बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक आठ फीसदी की गिरावट रही।इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प, इंडसइंड बैंक, मारुति और एचसीएल टेक में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर एक्सिस बैंक, आईटीसी, एनटीपीसी और एमएंडएम बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे। कारोबारियों ने कहा कि ब्याज दरों में भारी कटौती के बावजूद कोरोना वायरस महामारी पर बढ़ती अनिश्चितता और आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताओं के कारण घरेलू बाजार का रुख नकारात्मक हो गया।

इसे भी पढ़ें: कोरना वायरस से बचाएगा डिजिटल लेनदेन, जानिए क्या कहा RBI ने?

सैमको सिक्योरिटीज के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिमीत मोदी ने कहा कि ऐसे अनिश्चित समय में निवेशक अपनी पूंजी को बचाना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरबीआई ने ऋण अदायगी पर छह महीने की जगह केवल तीन महीने की छूट दी है, जिससे कई को निराशा हुई। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि मौजूदा संकट की स्थिति में आरबीआई हर संभव उपाए कर रहा है, लेकिन बीमार उद्योगों को अब तक कोई सीधी मदद नहीं दी गई है। इस बीच वैश्विक स्तर पर शंघाई, हांगकांग, टोक्यो और सियोल में शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि यूरोपीय बाजारों में गिरावट देखी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को देश में कोविड-19 की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई और 724 लोग इससे संक्रमित थे। कोरोना वायरस महामारी के चलते दुनिया भर में 24,000 से अधिक जानें जा चुकी हैं।

प्रमुख खबरें

Himachal Pradesh में Petrol-Diesel महंगा, सुक्खू सरकार ने लगाया नया Widow and Orphan Cess

Bab al-Mandeb में Houthi Rebels का बड़ा हमला: 3 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत, Global Shipping पर गहरा संकट

खत्म हुआ इंतजार! Cristiano Ronaldo और Georgina की हुई Wedding, पोस्ट की Ring Photo

Haiwaan Teaser: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म हैवान के टीजर बढ़ाई कहानी की दिलचस्पी