By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 22, 2020
मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में भारी उतार चढ़ा भरे कारेाबार के बीच बीएसई 30 सेंसेक्स में मंगलवार शुरुआती गिरावट से उबर कर 453 अंक उछाल के साथबंद हुआ। ब्रिटेन के कोरोना वायरस के नए रूप के प्रकोप की खबरों से चिंतित बाजार शुरू में बिकवाली के बदाव में आगयाथा। यूरोपीय बाजारों से मिले सकारात्मक रुख के बीच सूचना प्रौद्योगिकी और बैंक शेयरों में मजबूत सुधार का बाजार पर अच्छा प्रभाव पड़ा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 452.73 अंक यानी 0.99 प्रतिशत मजबूत होकर 46,006.69 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 968 अंक का उतार-चढ़ाव आया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 137.90 अंक यानी 1.03 प्रतिशत मजबूत होकर 13,466.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में एचसीएल टेक रही। इसमें 5.09 प्रतिशत की तेजी आयी। इसके अलावा टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, पावरग्रिड, सन फार्मा, एल एंड टी और नेस्ले इंडिया में भी तेजी रही।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘उतार-चढ़ाव के बीच दोपहर कारोबार में अप्रत्यशित तेजी आयी। यूरोपीय बाजारों में अच्छी शुरूआत का घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और सोमवार की बड़ी गिरावट से उबरा। आईटी और दवा कंपनियों के साथ अन्य क्षेत्रों के शेयरों में तेजी की अगुवाई में बाजार मजबूत हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कड़े लॉकडाउन और उसका आर्थिक पुनरूद्धार पर पड़ रहे असर को देखते हुए निकट भविष्य में उतार-चढ़ाव रह सकता है। हालांकि 2021 में आर्थिक गतिविधियों में कुल मिलाकर प्रगति को देखते हुए बााजार मध्यम से दीर्घावधि में मजबूत बना रह सकता है।’’ एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, सोल, हांगकांग और तोक्यो नुकसान में रहे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा का भाव 1.67 प्रतिशत टूटकर 50.06 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 5 पैसे की गिरावट के साथ 73.84 पर बंद हुआ।