By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2022
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और उतार-चढ़ाव भरे कारोबार बीएसई सेंसेक्स 257 अंक से अधिक के लाभ में रहा। बैंक, धातु और वाहन शेयरों में तेजी से बाजार में मजबूती रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 257.43 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 59,031.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 59,199.11 अंक तक गया और नीचे में 58,172.48 अंक तक आया। सेंसेक्स के 21 शेयर लाभ में जबकि नौ नुकसान में रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 86.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,577.50 अंक पर बंद हुआ। आईटी और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट के साथ प्रमुख सूचकांक नुकसान के साथ खुला। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली मौद्रिक नीति समीक्षा में ब्याज दर में वृद्धि की आशंका से अनिश्चितता बढ़ी है।
बाद में बैंक, वाहन, धातु और रियल्टी शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। बाजार में वैश्विक कारणों से आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।’’ जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार में अनिश्चितता को लेकर आशंका साफ दिख रही है। वैश्विक बाजारों में नरमी के रुख के साथ घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि, मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था कुछ राहत प्रदान कर रही है। यूरोप में ऊर्जा के दाम बढ़ने और अमेरिका में नीतिगत दरों में वृद्धि की आशंका से वैश्विक बाजारों में दबाव है।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को नुकसान में रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.85 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 453.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।