By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026
स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स करीब 1,000 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,500 अंक के ऊपर बंद हुआ। वाहन, बैंक और दैनिक उपयोग के उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में मजबूती, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और जिंसों की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान एक समय यह 1,012.06 अंक की तेजी के साथ 83,043.87 अंक तक पहुंच गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 25,514.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजुकी के शेयर में सबसे अधिक 7.58 प्रतिशत की तेजी रही।
इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.78 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4.38 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.22 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.12 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 2.11 प्रतिशत चढ़े। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंटरग्लोब एविएशन शामिल हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘एशिया के अन्य बाजारों में कमजोर संकेत और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख को लेकर चिंताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में तेजी रही।
विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार लिवाली और तांबे से लेकर कच्चे तेल तक जिंसों की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नवंबर में विदेशी निवेशकों के रिकॉर्ड निवेश से बाजार में नकदी की उपलब्धता बढ़ी है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भविष्य में मुद्रास्फीति और बाह्य (भुगतान) संतुलन को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। तांबे और एल्युमीनियम की कीमतों में गिरावट से वाहन कंपनियों के लाभ मार्जिन में सुधार की उम्मीद बढ़ी है। इससे वाहन शेयरों में तेजी रही।
इसके अलावा उपभोग और बैंक शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई। बैंकिंग सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए।’’ व्यापक यानी अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले मझोली और छोटी कंपनियों से जुड़े सूचकांकों में भी तेजी रही। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.74 प्रतिशत और मिडकैप 0.46 प्रतिशत चढ़ गया।
बीएसई में सूचीबद्ध कुल शेयरों में 2,410 में तेजी रही जबकि 1,982 के भाव नीचे आए। वहीं 238 के भाव अपरिवर्तित रहे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के ज्यादातर प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजारों में अधिकतर में बुधवार को गिरावट रही थी। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत बढ़कर 92.51 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। सेंसेक्स बुधवार को 500.38 अंक टूटकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 159.45 अंक की गिरावट के साथ 25,227.95 अंक पर रहा था।