By एकता | Nov 19, 2026
टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के ब्रेकअप की खबरें सामने आने के बाद से ही फैंस काफी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर लगातार दावा किया जा रहा है कि अविनाश ने ईशा को धोखा दिया है। इस पूरे विवाद पर ईशा सिंह ने फिलहाल कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन अब अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर मीडिया पेजों से उनकी निजी जिंदगी में दखल न देने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
अविनाश मिश्रा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया है। हालांकि उन्होंने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया और न ही सीधे तौर पर ब्रेकअप की खबरों की पुष्टि की, लेकिन उनके इस संदेश को मौजूदा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
अविनाश ने लिखा, "दोस्तों, आइए इस बात को यहीं खत्म करें और आगे बढ़ें। पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए काफी मुश्किल रहे हैं। मीडिया पेजों से अनुरोध है कि वे सभी की प्राइवेसी का सम्मान करें। रिश्ते निजी होते हैं, सार्वजनिक मनोरंजन नहीं। हर चीज व्यूज और एंगेजमेंट के लिए नहीं होती। आइए लोगों को शांति से जीने दें।" अविनाश के इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनके और ईशा के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक्टर ने भले ही ब्रेकअप या धोखा देने के आरोपों पर सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि वह अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहते।
इस पूरे मामले में ईशा सिंह ने अब तक सामने आकर कुछ नहीं कहा है। वहीं अविनाश के इस पोस्ट को उनकी पहली प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में किसी भी आरोप का जवाब देने के बजाय लोगों से इस मामले को यहीं खत्म करने और आगे न बढ़ाने की अपील की है। फिलहाल दोनों की तरफ से ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।