सेंसेक्स 320 अंक मजबूत, निफ्टी नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 02, 2020

मुंबई। वैश्विक बाजारों की मजबूती के बीच बुनियादी संरचना, बैंकिंग और ईंधन कंपनियों में निवेशकों की खरीदारी से बृहस्पतिवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स में 320 अंक से अधिक की तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी नये सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 320.62 अंक यानी 0.78 प्रतिशत मजबूत होकर 41,626.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 41,649.29 अंक तक पहुंच गया था।  इसी तरह एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 99.70 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 12,282.20 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी का नया सर्वकालिक उच्च स्तर है। कारोबारियों ने कहा कि खरीद प्रबंध सूचकांक आंकड़ों में दिसंबर में विनिर्माण क्षेत्र में सुधार के संकेत मिलने से निवेशकों की धारणा लगातार दूसरे दिन मजबूत बनी रही। दिसंबर महीने में नये ऑर्डरों में जुलाई के बाद की सबसे बड़ी तेजी दर्ज की गयी। उन्होंने कहा कि दिसंबर महीने में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत राजस्व संग्रह एक लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। इससे मांग में भी सुधार के संकेत मिलते हैं। 

इसे भी पढ़ें: शेयर बाजार: घरेलू, वैश्विक मोर्चे पर संकेतकों के अभाव में सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर

बीएसई के समूहों में मूलभूत सामग्रियां, धातु, पूंजीगत वस्तुएं, उद्योग, ईंधन, रियल्टी और वित्त में 2.94 प्रतिशत तक की तेजी रही। हालांकि सूचना प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी समूह में गिरावट रही। बीएसई का मिडकैप और स्मॉलकैप 1.44 प्रतिशत तक मजबूत हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट और हांग कांग का हैंग सेंग 1.25 प्रतिशत तक की बढ़त में बंद हुआ। हालांकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट में बंद हुआ। यूरोपीय बाजार शुरू में बढ़त में चल रहे थे। इस बीच रुपया अमेरिकी डालर के मुकाबले दिन में 11 पैसे की गिरावट में चल रहा था। खनिज तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.28 डॉलर प्रति बैरल पर था।

प्रमुख खबरें

Satcom लाइसेंस विवाद पर बोले Jyotiraditya Scindia, भारत में किसी की Monopoly नहीं चलेगी

Delhi में Cockroach Janta Party के प्रदर्शन पर रोक, Noida Airport का नाम बदलने को मंजूरी

Asian Games गोल्ड मेडलिस्ट ऋतु नेगी का नाम 1 करोड़ के Cash Award से हटा, गहराया विवाद

World Cup 2027 में South Africa के युवा खिलाड़ी दिखाएंगे कमाल, Imran Tahir ने जताया भरोसा