पूर्व कप्तान Shabbir Ali बने AFC Under-17 Qualifiers में भारतीय दल के प्रमुख

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

नयी दिल्ली, छह नवंबर भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और प्रतिष्ठित ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित शब्बीर अली को एएफसी अंडर-17 फुटबॉल 2027 क्वालीफायर के लिए भारतीय टीम का प्रतिनिधिमंडल प्रमुख (हेड ऑफ डेलीगेशन) नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता छह से 20 नवंबर तक मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित होगी। सत्तर वर्षीय शब्बीर अली ने 1970 और 1980 के दशक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए करीब 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 30 गोल किए।

उन्होंने 1981 में तीन प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। इनमें मर्डेका टूर्नामेंट, उत्तर कोरिया का दौरा और बैंकॉक में आयोजित किंग्स कप शामिल हैं। अली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 1974 में बैंकॉक में आयोजित एशियाई युवा चैंपियनशिप में ईरान के साथ संयुक्त रूप से खिताब जीता था।

खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने के बाद शब्बीर अली ने कोचिंग के क्षेत्र में कदम रखा। इस दौरान उन्होंने मोहम्मडन स्पोर्टिंग, सलगांवकर और फ्रांसा एफसी सहित कई प्रमुख क्लबों का मार्गदर्शन किया। वह 1995 और 1996 में भारतीय राष्ट्रीय टीम तथा प्री-ओलंपिक अंडर-23 टीम के तकनीकी निदेशक, कोच और मैनेजर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

अली ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए ने कहा, ‘‘मैं यह सम्मान देने के लिए एआईएफएफ (अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ) का आभारी हूं। करीब 30 साल बाद एक अलग भूमिका में फिर से देश की सेवा करने का अवसर मिल रहा है।’’ एएफसी अंडर-17 क्वालीफायर में भारत को ग्रुप-ई में मेजबान मलेशिया, फिलिस्तीन, सिंगापुर और गुआम के साथ रखा गया है। इस ग्रुप की सभी टीमें राउंड रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी।

प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम को ही 2027 एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के फाइनल चरण में प्रवेश मिलेगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन अगले वर्ष मई में उज्बेकिस्तान में प्रस्तावित है।

प्रमुख खबरें

National Book Trust पर सरकार का गहरा नियंत्रण, Supreme Court ने माना ‘राज्य’

Haryana में ग्रामीण चौकीदारों को CM Nayab Saini का तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ 15221 रुपये

Manipur Police ने शुरू की हत्याओं की जांच, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें तैनात

Aryaveer Sehwag और Lakshya की नाबाद फिफ्टी, U19 Asia Cup में जीता India