By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 15, 2022
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आस्ट्रेलिया में आगामी टी20 विश्व कप के लिये चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह भारतीय टीम में शामिल किया। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने भारत की आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप टीम में जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद शमी को शामिल किया। शमी आस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और ब्रिसबेन में अभ्यास मैचों से पहले टीम से जुड़ेंगे। ’’
उन्हें आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलना था लेकिन वह कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आये थे जिससे उन्हें पृथकवास में रहना पड़ा। वापसी में उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी पड़ी और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी ने उनकी आस्ट्रेलिया यात्रा को मंजूरी दी। शमी ने 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 18 विकेट हैं।