By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2017
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राज्य सभा सदस्य शरद यादव और अली अनवर ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में सदन की सदस्यता से अयोग्य करार दिये जाने की शिकायत पर शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति के समक्ष अपना जवाब प्रस्तुत कर दिया। पार्टी के बागी गुट के नेता यादव और अली पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आधार पर जदयू नेतृत्व ने राज्यसभा के सभापति एम वैंकेया नायडू से दोनों नेताओं की संसद सदस्यता रद्द करने का अनुरोध किया था।
यादव और अली ने दूसरी अहम दलील वास्तविक जदयू की पहचान का मामला चुनाव आयोग में लंबित होने की दी है। इसके हवाले से यादव और अली ने आयोग का अंतिम फैसला दिये जाने तक सभापति से इस शिकायत का निस्तारण नहीं करने का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि जदयू में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाले गुट के राजग में शामिल होने के फैसले के विरोध में शरद यादव गुट ने विद्रोही तेवर अपना लिये थे। इसके बाद दोनों गुटों ने अपने अपने धड़े को वास्तविक जदयू बताते हुये पार्टी के चुनाव चिन्ह पर अपना दावा पेश किया है।