बांग्लादेश चुनाव को शेख हसीना ने बताया गैरकानूनी, कर दी ये मांग

By अभिनय आकाश | Feb 12, 2026

12 फरवरी, 2026 को हुए चुनावों के समापन के बाद अपने पहले बयान में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने चुनावों की निंदा करते हुए उन्हें सुनियोजित तमाशा, अवैध और असंवैधानिक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 फरवरी की शाम से ही व्यापक धांधली शुरू हो गई थी, जिसमें मतदान केंद्रों पर कब्जा, गोलीबारी और वोटों की खरीद के लिए पैसे का इस्तेमाल शामिल था। हसीना ने यूनुस के इस्तीफे, सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई और अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों की बहाली की मांग की। उनकी पार्टी, अवामी लीग ने दावा किया कि उसकी भागीदारी के बिना हुए ये चुनाव लोकतांत्रिक मानकों और संवैधानिक सिद्धांतों का पालन करने में विफल रहे। मतदान समाप्त होने और मतगणना शुरू होने के बाद, पार्टी ने नागरिकों को "मतदाता-विहीन" चुनाव को अस्वीकार करने के लिए आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें: Bangladesh election 2026: मेहरपुर में बीएनपी और जमात समर्थकों के बीच झड़प, 23 लोग घायल

बांग्लादेश में महत्वपूर्ण आम चुनाव के लिए लोगों ने बृहस्पतिवार मतदान किया। हालांकि, मतदान छिटपुट हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा। बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ 13वां आम चुनाव कराया गया है। देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। हालांकि, जिन जगहों पर मतदाता मतदान केंद्र के अंदर थे, वहां उनके मतदान करने तक मतदान जारी रहेगा। कई जगहों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। एक उम्मीदवार की मृत्यु होने के कारण एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान रद्द कर दिया गया है। मतदान शुरू होने के बाद देश की दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को अपने वोट डाले। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका के रिहायशी गुलशन इलाके में स्थित गुलशन मॉडल स्कूल एवं कॉलेज में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। रहमान पार्टी के प्रमुख उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। रहमान ने मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए कहा, ‘‘मैंने मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग किया है। बांग्लादेश की जनता एक दशक से अधिक समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी।’’ बीएनपी की पूर्व सहयोगी और अब मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने मोनीपुर उच्च विद्यालय एवं कॉलेज में अपना वोट डाला।

प्रमुख खबरें

Nepal Flood के खतरे से Bihar और UP में High Alert, राहत दल तैनात किए गए

R Praggnanandhaa को Grand Chess Tour में मिली हार, Caruana ने बनाई 6 अंक की बढ़त

ईरान के साथ Diplomacy बेअसर! Netanyahu ने किया Trump के Economic Pressure कैंपेन का खुला समर्थन

Anurag Thakur ने Sukhu सरकार से Himachal में लॉटरी टेंडर वापस लेने की मांग की