By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026
(मानस प्रतिम भुइयां) नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने का उनके देश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का फैसला ‘‘अपरिपक्व’’ था और इससे बांग्लादेश के राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचा। हसीना ने आगाह किया कि विदेश नीति से जुड़े फैसले व्यक्तिगत प्रतिक्रिया या तात्कालिक राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर लेना हमेशा नुकसानदेह होता है। हसीना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि इस प्रभावशाली समूह के शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश की भागीदारी से देश के लिए आर्थिक एवं सामाजिक विकास के नए अवसर खुल सकते थे लेकिन उसने यह मौका गंवा दिया।
हसीना ने कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बांग्लादेश ने सम्मेलन में भाग नहीं लेने का फैसला किया। मेरी राय में यह एक अपरिपक्व फैसला था, जो बांग्लादेश के राष्ट्रीय हित में नहीं था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिक्स केवल एक राजनयिक सम्मेलन नहीं है। यह दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं को एक मंच पर लाता है और व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी एवं विकास के क्षेत्रों में सहयोग के अवसर प्रदान करता है।
इसमें भाग लेकर बांग्लादेश महत्वपूर्ण अनुभव हासिल कर सकता था और अपने आर्थिक एवं सामाजिक विकास के नए अवसर तलाश सकता था, लेकिन उसने यह मौका गंवा दिया।’’ पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेश नीति व्यक्तिगत प्रतिक्रिया या तात्कालिक राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर नहीं चलाई जा सकती।