जवानों की तैनाती पर बोले शिवराज, 35A से जोड़कर अफवाह फैला रहे हैं कश्मीर के नेता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 28, 2019

श्रीनगर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि कश्मीर के मुख्यधारा के राजनेता घाटी में सैनिकों की तैनाती और संविधान के अनुच्छेद 35ए को निरस्त करने से जोड़कर अफवाह फैला रहे हैं। चौहान की यह टिप्पणी केंद्र द्वारा कश्मीर घाटी में आतंकवाद निरोधक अभियानों को मजबूती प्रदान करने और कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के कार्य के लिए वहां करीब 10000 केंद्रीय बल के कर्मियों को भेजने के आदेश के कुछ दिन के बाद आया है। संवाददाताओं ने जब विपक्षी पार्टियों द्वारा सैनिकों की तैनाती और अनुच्छेद 35ए निरस्त करने को जोड़ने के बारे में पूछा तो चौहान ने कहा, ‘‘यह अफवाह हमारे मित्रों द्वारा फैलायी जा रही है। सैनिकों की तैनाती एक सामान्य प्रक्रिया है।’’ अनुच्छेद 35ए राज्य विधानसभा को जम्मू कश्मीर के ‘‘स्थायी निवासियों’’ को परिभाषित करने और उन्हें विशेषाधिकार प्रदान करने की शक्ति प्रदान करता है। चौहान यहां पर पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरूआत करने के लिए आये थे। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने यह भी कहा है कि हम विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं जब भी चुनाव आयोग इन्हें कराना चाहे और चुनाव कराने के लिए अतिरिक्त बलों की जरुरत होती है।’’ 

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में होने वाला है कुछ बड़ा, 35ए पर मोदी सरकार लेगी फैसला?

चौहान ने नेशनल कान्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला की टिप्पणी की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने के खिलाफ आगाह किया था क्योंकि इससे भाजपा को फायदा हो सकता है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘मैंने उनकी टिप्पणी सुनी है। वह लोगों को आगाह कर रहे थे लेकिन उदाहरण ऐसे लोगों का दिया जिन्होंने देश के खिलाफ काम किया और उनका नहीं जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वह इसको लेकर चिंतित है जिस तरह से भाजपा घाटी में अपना प्रभाव बढ़ा रही है।’’ अब्दुल्ला ने शुक्रवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा था कि संसदीय चुनाव का रुख यदि विधानसभा चुनाव में भी जारी रहा तो त्राल से भाजपा का विधायक होगा।  उन्होंने कहा, ‘‘यदि (चुनाव का) बहिष्कार हुआ तो कल्पना करिये उसी त्राल से भाजपा का एक विधायक होगा जहां से बुरहान वानी और जाकिर मुसा था।’’ वानी और मुसा क्रमश: हिजबुल मुजाहिदीन और अंसार ग़ज़वत-उल हिंद के आतंकवादी थे और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। चौहान ने आरोप लगाया कि अब्दुल्ला और महबूबा ने जम्मू कश्मीर का लूटा लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई शुरू की। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा राज्य में सरकार बनाने के लिए फिर से किसी क्षेत्रीय पार्टी के साथ हाथ मिलाएगी, चौहान ने कहा कि भगवा पार्टी अपने बल पर सत्ता में आएगी।  उन्होंने नियंत्रण रेखा के पार स्थित शारदा पीठ मंदिर भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए खोलने की मांग की।  उन्होंने कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय ने मंदिर को दर्शन के लिए खोलने की मांग पाकिस्तान के साथ उठायी है। सरकार मुद्दे को पाकिस्तान के साथ उठाएगी लेकिन समाज यह भी मांग करता है कि मंदिर को खोला जाए ताकि लोग वहां जाकर दर्शन कर सकें।’’ पूर्व मंत्री एवं पीपुल्स कान्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने कहा, ‘‘सैनिकों की तैनाती की खबरों ने लोगों में डर और दहशत पैदा कर दी है। किसी को भी इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि क्या होने वाला है। संकेत ठीक नहीं हैं और अफवाहों का बाजार गर्म है और उस पर विश्वास किया जाए कश्मीरी लोगों की विशेष पहचान खतरे में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यदि वर्तमान सरकार का वास्तव में ऐसा कोई इरादा है तो यह दुस्साहस को अस्वीकार्य सीमाओं तक विस्तारित करने के बराबर होगा।’’

प्रमुख खबरें

IPO Market में जबरदस्त हलचल: अगले हफ्ते 5 कंपनियां जुटाएंगी ₹7,443 करोड़, Investors के लिए बड़ा मौका

Maruti Suzuki का ₹35,000 करोड़ का Investment Plan: 5 साल में 63 लाख कारों की बिक्री का है महा-लक्ष्य

Galle Test से पहले Team India में बड़ा फेरबदल, Sai Sudharsan की जगह Sarfaraz Khan को मिली जिम्मेदारी

Shubman Gill फिट, Yashasvi Jaiswal का जलवा, Sri Lanka के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन