सिद्धरमैया ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को खारिज किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 11, 2025

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने राज्य सरकार में नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ी अटकलों को खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए ‘‘कोई रिक्ति नहीं’’ है और वह पद पर बने हुए हैं।

सिद्धरमैया और शिवकुमार बृहस्पतिवार को दिल्ली में थे, हालांकि पहले की अटकलों के विपरीत दोनों की राहुल गांधी से फिलहाल मुलाकात नहीं हुई। सूत्रों का कहना है कि दोनों ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। दोनों ने देर शाम कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला से उनके आवास पर मुलाकात की।

सूत्रों का कहना है कि इस मुलाकात के दौरान राज्य में बोर्डों और निगमों में नियुक्तियों के संदर्भ में चर्चा हुई। शिवकुमार ने बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा से मुलाकात की थी।

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरमैया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्या मुख्यमंत्री पद के लिए कोई रिक्ति है? मैं आपके सामने हूं। मैं कर्नाटक का मुख्यमंत्री हूं। डी. के. शिवकुमार ने भी यही कहा है और मैं भी यही कह रहा हूं… कोई रिक्ति नहीं है।’’

सिद्धरमैया दिल्ली में हैं और उनके कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात करने की संभावना है। मई 2023 में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी।

कांग्रेस ने किसी तरह शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनने के लिए राजी कर लिया था। उस समय ऐसी खबरें थीं कि ‘‘बारी-बारी से मुख्यमंत्री’’ बनने को लेकर एक समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत शिवकुमार को ढाई साल बाद नवंबर 2025 में मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि, पार्टी की ओर से इस समझौते की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई।

प्रमुख खबरें

IT Act के तहत भारत सरकार का एक्शन, Apple ने Bitchat App को किया ब्लॉक

Shaktikanta Das का बयान, मजबूत सुधारों के दम पर 8% GDP ग्रोथ के करीब पहुंचा भारत

Bhadohi में बोले Yogi Adityanath, 2017 से पहले उप्र माफिया राज और अराजकता से था ग्रस्त

Himachal Pradesh: यमुना पुल पर ट्रक से भिड़ी कार, तीन युवकों की गई जान