By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 16, 2025
मणिपुर के थौबल जिले में एक व्यक्ति की मौत के सिलसिले में कट्टरपंथी मेइती समूह ‘अरंबाई तेंगोल’ के छह संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि समूह के संदिग्ध सदस्यों ने मंगलवार को फिरौती के लिए मोहम्मद नवाश नामक व्यक्ति को उसके घर से अगवा कर लिया था। उन्होंने बताया कि बाद में नवाश को थौबल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सगोलसेम चिंगखेनगांबा सिंह (25), चिंगखम सनतोंबा सिंह (19), सपाम समरजीत सिंह (32), मैबाम बोकेनजीत सिंह (24), अथोकपम जीबन सिंह (30) और चिंगखम मणि सिंह (41) के रूप में हुई है।
‘अरंबाई तेंगोल’ ने एक बयान में दावा किया कि उसकी ‘यूनिट 2 एंड्रो’ शाखा के सदस्य ‘‘मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के अपहरण की घटना में शामिल नहीं थे।’’ समूह ने दावा किया कि उसने घटना में शामिल लोगों को पकड़ लिया है और उन्हें पुलिस को सौंप दिया है।