झारखंड पुलिस के सामने 16 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, छह पर था 39 लाख रुपये का इनाम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

रांची, 28 जुलाई झारखंड पुलिस के समक्ष मंगलवार को 16 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें छह माओवादी ऐसे हैं, जिन्हें पकड़ने में मदद करने वालों को कुल 39 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया, ‘‘16 माओवादियों में से छह पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले समूह में पांच महिला सदस्य भी शामिल हैं। इनमें एक क्षेत्रीय समिति सदस्य और एक जोनल समिति सदस्य भी हैं।’’ उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में प्रतिबंधित संगठन के दो उप-जोनल समिति सदस्य और दो एरिया कमेटी के पदाधिकारी भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के क्षेत्रीय समिति सदस्य संतोष महतो का आत्मसमर्पण झारखंड पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि संतोष महतो कई जिलों के विभिन्न थानों में दर्ज 128 मामलों में वांछित था। उस पर एक मार्च को मनोहरपुर, छोटानागरा और जराइकेला थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित जंगल में हुए आईईडी विस्फोट में शामिल होने का आरोप था।

इस विस्फोट में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ था। अधिकारी ने बताया कि भाकपा (माओवादी) के जोनल समिति सदस्य चंदन लोहरा ने भी आत्मसमर्पण किया है। उसके खिलाफ 78 मामले दर्ज थे और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने छह इंसास राइफल, दो एके-47 राइफल, 38 मैगजीन और 1,562 कारतूस भी पुलिस को सौंपे हैं।

प्रमुख खबरें

उप्र: संत गुरु रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर 27 राज्यों में भेजी जाएगी

कंधमाल हिंसा की जांच आयोग रिपोर्ट गायब होने के मामले में ओडिशा सीआईडी ने शुरू की जांच

Japan Earthquake Alert: 7.1 तीव्रता के भूकंप से दहला दक्षिणी जापान, JMA ने जारी की Tsunami Warning

झारखंड में 16 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, छह वांछितों पर था 39 लाख रुपये का इनाम