By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि वह टीम को और अधिक मजबूत बनाने पर काम कर रहे हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य ऐसे बहुमुखी खिलाड़ियों को तैयार करना है जो अगले सप्ताह भोपाल में होने वाली महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान विभिन्न पोजीशन पर खेल सकें और परिस्थितियों से जल्द से जल्द सामंजस्य बिठा सकें। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 19 से 28 नवंबर के बीच खेली जाएगी जिसमें भारत के अलावा पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड भी भाग लेंगे। भारत ने जापान में एशियाई खेलों के दौरान अपनी बहुमुखी प्रतिभा की झलक दिखाई, जहां उसने चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता और 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।
मारिन ने कहा, ‘‘हम टीम में और अधिक गहराई लाने पर काम कर रहे हैं जिससे कि अभ्यास सत्र अधिक प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं। खिलाड़ी भी इससे अवगत हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम चाहते हैं कि खिलाड़ी अलग-अलग पोजीशन पर खेल सकें। इससे टीम में और अधिक गहराई आएगी।
अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो विशेषकर ओलंपिक जैसे टूर्नामेंट में इससे मदद मिलेगी। यह खिलाड़ियों के विकास के लिए भी बहुत उपयोगी है।’’ इशिका और रुतुजा दादासो पिसल के उदाहरण देते हुए मारिन ने कहा कि इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को अन्य भूमिकाओं में भी सहज बनाना था। इशिका मुख्य रूप से अग्रिम पंक्ति की खिलाड़ी हैं, लेकिन अब उन्हें मिडफील्ड में खेलने के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इशिका अमूमन स्ट्राइकर के रूप में खेलती हैं लेकिन वह अब कभी-कभी मिडफील्डर के रूप में भी खेल रही हैं। रुतुजा के साथ भी ऐसा ही है। इसलिए उन्हें सीखना होगा कि अन्य पोजीशन पर खेलने के लिए खुद को कैसे ढालना है।
हम देखना चाहते हैं कि क्या इससे हमारे खेल में कुछ सुधार होता है या टीम में हम जो सुधार देखना चाहते हैं, उसमें कुछ मदद मिलती है या नहीं।’’ मारिन ने कहा कि भारत विरोधी टीमों के बजाय अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुरू से यह कहता रहा हूं और इस टूर्नामेंट पर भी यही बात लागू होगी। हमें अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना होगा।
हमें इस पर ध्यान देना होगा कि एशियाई खेलों के बाद हम क्या सुधार करना चाहते हैं। यही हमारा मुख्य लक्ष्य है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हमारा प्रतिद्वंदी कौन है।