राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी का पलटवार, कहा- आत्मनिर्भर बजट को पीठ दिखाकर चले गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 12, 2021

नयी दिल्ली। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में राहुल गांधी पर परोक्ष प्रहार करते हुए उन पर झूठ की नींव पर इमारत खड़ी करने एवं सदन की गरिमा को नजरंदाज करने का आरोप लगाया। लोकसभा में वित्त वर्ष 2021-22 के बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कियह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने और जोड़ने वाला है जिसे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदन में ‘पीठ दिखाकर’ चले गए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति झूठ की नींव पर कितनी बड़ी इमारत बना सकता है और सदन की गरिमा का बिल्कुल ख्याल नहीं रखते हुए संसद से पारित कानून को किस तरह काला कहता है, यह आज देखने को मिला। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इन कानूनों से मंडिया खत्म हो जाएंगी और कृषि क्षेत्र कुछ बड़े उद्योगपतियों के नियंत्रण में चला जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ‘‘सालों पहले परिवार नियोजन का नारा था, हम दो हमारे दे। जैसे कोरोना दूसरे रूप में आता है उसी तरह यह नारा फिर से आया है। यह हम दो, हमारे दो की सरकार है।’’ राहुल गांधी ने कहा कि सदन में किसान आंदोलन पर चर्चा नहीं कराये जाने के विरोध में वह ‘बजट पर चुप रहेंगे’। इस पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने निचले सदन में कहा कि कुछ लोग हतप्रभ हैं कि बजट पर चर्चा है, तो कोई क्यों चर्चा नहीं करे। लेकिन जिस व्यक्ति ने अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र अमेठी की सुध नहीं ली, वह बजट पर क्या चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में जब महामारी आई, तब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह चिंता की कि कोई व्यक्ति भूखा नहीं सोए और उन्होंने गरीब कल्याण पैकेज के जरिये आठ महीने तक 80 करोड़ लोगों तक अनाज पहुंचाने का काम किया। राहुल गांधी का नाम लिये बिना स्मृति ने कहा ‘‘लेकिन इस व्यक्ति को यह स्वीकार नहीं है कि 80 करोड़ लोगों तक अनाज कैसे पहुंच गया जिसमें 3.18 लाख अमेठी के लोग भी थे।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर प्रहार जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति ने कहा कि उनका बजट से कोई सरोकार नहीं है। ऐसा इसलिये है कि यह बजट आत्मनिर्भर, स्वस्थ्य योजना वाला बजट है। 

इसे भी पढ़ें: किसानों के लिए इतना अधिक काम करने वाले मोदी किसान विरोधी नहीं हो सकते: हेमा मालिनी

उन्होंने कहा कि जब वह (राहुल) अमेठी के सांसद थे तब वहां के जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीन नहीं थी और भाजपा नीत सरकार के आने बाद सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करायी गई। अमेठी से वर्तमान सांसद स्मृति ने कहा कि पहले इस लोकसभा क्षेत्र में कलेक्टर के कार्यालय सहित अनेक कार्यालय भवन नहीं थे, 194 पंचायतो में पंचायत भवन नहीं थे, कई स्थानों पर बस अड्डे नहीं थे। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि ‘‘जो सज्जन आज बाल हठ का उदाहण दे रहे थे, उन्होंने पूर्व में सांसद रहते हुए, इस क्षेत्र के विकास के लिये कुछ नहीं किया। यह क्षेत्र चार पीढ़ियों तक रेल लाइन की मांग को पूरा किये जाने का इंतजार करता रहा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन उद्योग के नाम पर मांगी गयी लेकिन ट्रस्ट के लिये उसका उपयोग कर लिया। स्मृति ईरानी ने कहा कि जो सज्जन किसानों का बार-बार उदाहरण दे रहे थे, उनके अमेठी का सांसद रहते मात्र 500 किसानों को एमएसपी का लाभ मिला। स्मृति ईरानी ने कहा, ‘‘ ये बजट देश को जोड़ने वाला बजट है, तोड़ने वाला नहीं। यह देश को आत्मनिर्भर बनाने का बजट है।

प्रमुख खबरें

Maharashtra ATS ने Dombivli से दबोचा 10 लाख का इनामी नक्सली Sanjay Yadav

Delhi AQI 369 दर्ज, दिवाली से पहले शहर में छाई धुंध

Commonwealth Games में भारत को स्वर्ण दिलाने वाले पूर्व Hockey कोच Gurdial Singh Bhangu का निधन

Mekedatu Dam: केंद्र के अधिकारियों के स्थल निरीक्षण पर तमिलनाडु के CM विजय ने PM Modi को लिखा पत्र