By निधि अविनाश | Jan 30, 2022
अल्मोड़ा जिले की 6 विधानसभा सीटों में इस बार मुकाबला बेहद रोचक होने की उम्मीद है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के बीच सोमेश्वर विधानसभा सीट काफी चर्चा का विषय बन गई है। बता दें कि, इस सीट पर पहले कैबिनेट मंत्री रेखा सिंह पर सबकी नजरें टिकी हुई थी लेकिन अब इस सीट से उनके पति भी चुनाव लड़ेंगे। दोनों पति और पत्नी ने इस सीट के लिए अपना नामांकन भर दिया है। पति समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार है तो वहीं पत्नी ने निर्दलीय नामांकन रविवार को कराया है। अब देखना होगा कि पति और पत्नी में से कौन इस सीट पर बाजी मारता है।
पिछले पांच साल से चुनाव की तैयार कर रहे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बलवंत आर्य ने बताया कि उन्होंने भाजपा छोड़ समाजवादी पार्टी से लड़ने का फैसला किया। वहीं उनकी पत्नी मधुबाला ने कहा कि उन्होंने इस बार बीजेपी से दावेदारी की थी। लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया। जिसके कारण वह निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। पति-पत्नी रोज चुनाव प्रचार के लिए घर से निकलते है और शाम को एक साथ रहकर भोजन करते हैं। बलवंत ने 10वीं तक पढ़ाई की है वहीं उनकी पत्नी मधुबाला ने ग्रेजुएशन की है। मधुबाला अभी ताकुला क्षेत्र से जिला सहकारी बैंक की निदशक भी हैं।