Samajwadi Party के फ्री बिजली वादे से UP पर पड़ेगा ₹47,591 करोड़ का बोझ: उपभोक्ता परिषद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

समाजवादी पार्टी (सपा) के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली देने के वादे से उत्तर प्रदेश सरकार के खजाने पर सालाना करीब 47,591 करोड़ रुपये का बोझ पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने यह बात कही। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा के घोषणापत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा कि ऐसे वादों के वित्तीय प्रभाव का आकलन उपभोक्ताओं को मिलने वाली राहत के साथ-साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के आधार पर की गई गणना के मुताबिक, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से सालाना करीब 34,746 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। किसानों के निजी नलकूप कनेक्शनों पर दी जा रही 12,845 करोड़ रुपये की मौजूदा सब्सिडी को जोड़ने पर कुल वित्तीय बोझ करीब 47,591 करोड़ रुपये हो जाएगा। वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को राहत देने के लिए पहले से ही करीब 20,400 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 3.37 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, जिनसे 39,761 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। वहीं, 300 यूनिट से अधिक बिजली की खपत से करीब 5,015 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। परिषद ने बिजली क्षेत्र के निजीकरण के खिलाफ सपा के आश्वासन और बी. आर. आंबेडकर की नीतियों के अनुरूप बिजली विभाग तथा सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने के वादे का स्वागत किया।

वर्मा ने कहा कि राजनीतिक दलों को सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने, उनकी वित्तीय स्थिति सुधारने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना भी पेश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलों को यह भी बताना चाहिए कि अपने घोषणापत्र के वादों को पूरा करने के लिए धन की व्यवस्था कैसे करेंगे।

प्रमुख खबरें

Union Cabinet ने महिला आरक्षण बिल को दी मंजूरी, Lok Sabha में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की तैयारी

National School of Drama बना प्रशासनिक अखाड़ा, संस्कृति मंत्रालय की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

IRGC से जुड़े आतंकियों से लेन-देन पर 10 साल की जेल, Australia ने लगाए कड़े प्रतिबंध

Ipoh में Harimau Shakti अभ्यास, Indian Army और मलेशियाई सेना ने शुरू किए संयुक्त ऑपरेशन