क्रिकेटरों की अगुआई में खेल जगत ने महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2022

मुंबई, क्रिकेटरों की अगुआई में खेल जगत ने रविवार को महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगी। देश के महान संगीत सितारों में शामिल लता (92) की बहन ऊषा मंगेशकर और उनका उपचार कर रहे डॉक्टरों के अनुसार रविवार को शहर के एक अस्पताल में कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण उनका निधन हो गया। दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, लता जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। उनके मधुर गीतों ने दुनिया भर में करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ है। आपके सभी गीतों और यादों के लिए आपको धन्यवाद। परिवार और प्रियजनों को मेरी ओर से संवेदनाएं। भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, आपके संगीत ने हमारी आत्मा को छुआ और हमें खुश किया। लता मंगेशकर जी भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, भारत की स्वर कोकिला, एक ऐसी आवाज जो गूंजती है और दुनिया भर के करोड़ों लोगों को खुशी देती थी, वह चली गई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति तहेदिल से संवेदनाएं। ओम शांति। पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने लिखा, महान लोग अनंत काल तक जीते हैं। कोई कभी दोबारा उनके जैसा नहीं होगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने लिखा, भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी के निधन से बेहद दुखी हूं। भारत के लिए बड़ा नुकसान। उनकी जादुई आवाज हमेशा अमर रहेगी। ओम शांति। भारतीय फुटबॉल टीम ने भी इस महान गायिका को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, हम भारत की स्वर कोकिला और दिवंगत गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताते हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ओम शांति। यह महान गायिका कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव पाई गई थी और उनमें हल्के फल्के लक्षण नजर आ रहे थे जिसके बाद उन्हें आठ जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल के सघन चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया जहां डॉ. प्रतीत सम्दानी और उनकी टीम उनका उपचार कर रही थी।

प्रमुख खबरें

Supreme Court: जस्टिस शील नागू पंजाब सरकार की याचिका की सुनवाई से अलग हुए

SP प्रमुख Akhilesh Yadav पर बरसे OP Rajbhar, कहा मुस्लिम वोट बैंक खोने के डर से रहते हैं परेशान

सबका ध्यान CJP प्रोटेस्ट पर था इधर 15 अक्टूबर से लगने वाले MDR चार्ज पर आ गई बड़ी खबर, जाने अब क्या अपडेट आया?

Travel Tips: Vrindavan के Chhatikara में स्थित Char Dham Mandir में करें चार धामों के दर्शन