By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 26, 2026
अपने विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से बेहद मजबूत नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बुधवार को यहां जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी की तो उसे 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी और तेज तर्रार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से सावधान रहना होगा। सनराइजर्स की टूर्नामेंट की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने दूसरे चरण में लय हासिल कर ली। नियमित कप्तान पैट कमिंस के आने से भी टीम को काफी फायदा हुआ, क्योंकि उसने अपने इन आखिरी सात मैचों में से पांच में जीत हासिल की।
सनराइजर्स की तरफ से भी शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (563 रन), ट्रैविस हेड (393) और ईशान किशन (569) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन नंबर चार पर बल्लेबाजी करने वाले हेनरिक क्लासेन (606) का विशेष रूप से उल्लेख करना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। दोनों टीमों के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की विस्फोटक क्षमता के बावजूद जायसवाल और हेड के प्रदर्शन में उतनी निरंतरता नहीं रही है जितना वे चाहते थे। सनराइजर्स यकीनन टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम है और इसलिए यह कोई हैरानी की बात नहीं थी कि रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा से विपक्षी टीम के शीर्ष चार बल्लेबाजों से निपटने की उनकी रणनीति के बारे में पूछा गया।
संगकारा ने कहा, ‘‘उनकी टीम बहुत अच्छी है और वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें खुद पर भरोसा है कि वे खुलकर खेलेंगे और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ऐसा ही किया है। हमें वास्तव में अपनी लय बनाए रखनी होगी। अनुशासित रहना होगा और यह समझना होगा कि वह ऐसी टीम नहीं है जिसे आप 120 या 130 रन पर रोक सकते हैं। हमें अपनी लाइन और लेंथ को लेकर आक्रामक रहना होगा।’’ श्रीलंका के इस दिग्गज को उम्मीद होगी कि पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले आर्चर एक बार फिर मैच विजेता प्रदर्शन करेंगे, जैसा कि उन्होंने वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में किया था। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने भी आर्चर का तेज गेंदबाजी विभाग में अच्छा साथ दिया है। युवा लेग-स्पिनर यश राज पुंजा अपने पहले आईपीएल सत्र में ही रवि बिश्नोई से आगे निकलकर प्रमुख स्पिनर के रूप में उभरे हैं, जबकि अनुभवी रवींद्र जडेजा को बल्ले और गेंद दोनों से और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।
बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले सूर्यवंशी एक बार फिर कमिंस, ईशान मलिंगा (19) और साकिब हुसैन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने से नहीं हिचकिचाएंगे। अगर यह युवा बल्लेबाज पावरप्ले में अच्छी शुरुआत देता है तो वह विपक्षी टीम से मैच छीन सकता है। इस मैदान पर इस सत्र में जो चार मैच खेले गए उनमें बल्लेबाजों की तूती बोली। इनमें से तीन मैच में 220 से अधिक रन बने। इनमें मेजबान टीम पंजाब किंग्स द्वारा बनाए गए 254 रन भी शामिल हैं।
टीम इस प्रकार हैं: सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवांग कुमार, ओंकार तरमाले, दिलशान मदुशंका, गेराल्ड कोएत्ज़ी, आरएस अंबरीश।
राजस्थान रॉयल्स: शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, अमन राव पेराला, ब्रिजेश शर्मा, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, यशराज पुंजा, इमानजोत सिंह चहल। मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे (भारतीय समयानुसार)।