राज्य सूचना आयोग भवन का नाम नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के नाम पर रखा जाएगा-मुख्यमंत्री

By विजयेन्दर शर्मा | Jan 23, 2022

चंडीगढ़   मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती पर प्रदेश के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं । मुख्यमंत्री ने पंचकूला के सेक्टर 3 में 36.49 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले राज्य सूचना आयोग के भवन की आधारशिला रखी और भवन के नाम उन्होंने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस को समर्पित करते हुए इसका नाम ’’नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राज्य सूचना आयोग भवन’’ रखने की घोषणा भी की ।

बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस ने देश की आजादी में युवाओं में जो जज्बा पैदा किया व प्रेरणा दी, उसको कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी को नेहरू परिवार के वंशवाद से बाहर निकलने की फुर्सत नहीं मिली और इसके चलते देश की आज़ादी में नेता जी व अन्य क्रांतिकारियों द्वारा दिये गए योगदान को आगे नहीं लाया गया। आज युवाओं को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जैसे क्रांतिकारियों की जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए और देश व समाज की प्रगति में योगदान के लिए आगे आना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: नेताजी सुभाष चंद्र बोस का महान बलिदान सदैव याद किया जाएगा- राज्यपाल

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जैसे नेताओं के देश की आजादी में दिये गए योगदान को छुपाने के लिए पछतावा करना चाहिए और उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए जिन्होंने आज नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर इंडिया गेट पर नेता जी की प्रतिमा का अनावरण किया है ताकि आने वाली पीढियां नेता जी के जीवन से शिक्षा ले सकें।

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री ने एसपीरेशनल डिस्ट्रीक प्रोग्राम क्रियान्वयन के लिए हरियाणा की सराहना की

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नेता जी की 125वीं जयंती पर देश की आजादी के 75वें अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हरियाणा में 75 स्थानों पर पराक्रम दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। हरियाणा एमएलए होस्टल चण्डीगढ के पार्क में भी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। इसके अलावा मिल्खा सिंह एडवेंचर स्पोर्टस क्लब द्वारा मोरनी क्षेत्र में साहसिक खेलों को बढावा देने व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होम स्टे योजना के तहत मोरनी के स्थानीय 40 युवाओं-युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 3 को होम स्टे ऑफ इंडिया द्वारा युवा उद्यमी के पेशकश पत्र भी प्रदान किए गए हैं।  

पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी चुनाव प्रक्रिया आरंभ हुई है और धीरे-धीरे स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी पहले से और अधिक अच्छा प्रदर्शन करेगी, ऐसी मेरी आशा है।

राज्य सूचना आयोग भवन का निर्माण दो वर्ष में पूरा होने का अनुमान है तथा इस पर कल 36.49 करोड़ रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। प्लाट का कुल क्षेत्र 3274.35 वर्ग मीटर है तथा दो बेसमेंट सहित यह 6 मंजिला भवन होगा तथा कुल कवर्ड एरिया 8500.98 वर्ग मीटर होगा। बेसमेंट का क्षेत्र 3692.20 वर्ग मीटर का होगा।

इस अवसर पर सांसद श्री रतन लाल कटारिया, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री श्री सरदार संदीप सिंह,मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल, मुख्य सूचना आयुक्त यशपाल सिंघल, हरियाणा प्रशासन सुधार विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री पंकज अग्रवाल, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री आरसी मिश्रा, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, राज्य सूचना आयोग की सचिव सरिता मलिक, सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) अमन कुमार, सचिव आरटीए ममता शर्मा, हरियाणा सूचना आयोग के सदस्य चंद्र प्रकाश, अरूण सांगवान, नरिंदर सिंह यादव, सुश्री कमलदीप भंडारी, भाजपा नेता ओम प्रकाश देवी नगर के अलावा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्रमुख खबरें

Kerala Student Election Result: SFI और KSU के प्रदर्शन पर Vijayan और Sunny Joseph ने दी बधाई

Rejinagar Bypoll: Mamata Banerjee के दखल के बाद TMC Candidate का यू-टर्न, अब लड़ेंगे चुनाव

Davis Cup: Sumit Nagal की हार के साथ भारत को Korea ने 3-1 से हराया

UP में अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM Yogi का ऐलान