शेयर बाजारों में सात दिन की गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक, सेंसक्स 480 अंक मजबूत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 03, 2020

मुंबई। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लाभ से मंगलवार को शेयर बाजारों में सात कारोबारी सत्रों से चले आ रहे गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगा और सेंसेक्स 480 अंक की लंबी छलांग लगा गया। 

बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 479.68 अंक या 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,623.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर लाभ में रहे। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 170.55 अंक या 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,303.30 अंक पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा, टाटा स्टील, ओएनजीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और पावरग्रिड लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट आई। 

रिजर्व बैंक ने दिन में कहा कि वह वैश्विक के अलावा जानलेवा कोरोना वायरस की वजह से बनी घरेलू स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा कि वह वित्तीय बाजारों में सुगमता से कामकाज को सुनिश्चित करने को आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। नीति निर्माताओं की ओर से प्रोत्साहन की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों में भी तेजी रही। 

इसे भी पढ़ें: एश‍ियाई बाजारों में सुधार, जानिए चीन सहित इन देशों का शेयर बाजार

चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की नीचे आए। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार दो प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 2.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53.42 डॉलर प्रति बैरल पर था। अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में दिन में कारोबार के दौरान रुपया 40 पैसे टूटकर 73.16 प्रति डॉलर पर चल रहा था। 

प्रमुख खबरें

Odisha Heavy Rain: मौसम विभाग ने 16 जिलों में जारी किया अलर्ट, स्कूल बंद

Karti Chidambaram ने Vijay के PM बनने के सपने को नकारा, बोले- फैन क्लब से नहीं बनती सरकार, 272 सीटें जरूरी

Chai Par Sameeksha: नई टीम से Gen Z को साधेगी BJP, क्या Vande Mataram को लेकर बैकफुट पर है Congress?

Gurugram में Rain से थमी वाहनों की रफ्तार, Expressway समेत कई प्रमुख सड़कें जलमग्न