Alirajpur अस्पताल के वॉर्ड में बिस्तर पर सोया मिला आवारा कुत्ता, जांच के आदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

मध्यप्रदेश में आदिवासी बहुल आलीराजपुर जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ते के सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इस सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चंद्रशेखर आजाद नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है जहां सोमवार को आवारा कुत्ता जनरल वॉर्ड में मरीजों के बिस्तर पर सोता मिला। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रकाश पटेल ने मंगलवार को बताया,‘‘मैंने घटना के संबंध में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) से बात की है।

बीएमओ ने मुझे बताया कि जानकारी मिलने पर कुत्ते को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बाहर कर दिया गया था।’’ पटेल ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा,‘‘जांच में जिस भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’ इस बीच, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हर्ष जैन ने कहा,‘‘मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ते के सोने की घटना राज्य की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में निगरानी के अभाव को उजागर करती है।’’ उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वॉर्ड में आवारा कुत्ते का पहुंचना मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस नेता ने घटना की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई और राज्य के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था के ऑडिट की मांग भी की।

प्रमुख खबरें

Jan Gan Man: Ayodhya, Kashi के बाद अब Mathura की बारी! श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनेगी चुनावी मुद्दा, यादव BJP के साथ गये तो फंस जाएंगे Akhilesh

पैरों में सूजन और दर्द High Cholesterol के बड़े संकेत, न करें नजरअंदाज

Bollywood Wrap Up | अनन्या पांडे की कॉल मी बे 2 की रिलीज़ डेट का ऐलान, रामायण की कमाई का आंकड़ा 1400 करोड़ पार

Thane MACT ने हादसे में घायल डॉक्टर को ₹14.11 लाख मुआवजा देने का दिया फैसला