By एकता | Jan 12, 2025
अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर के जंगलों में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गयी है और 12,000 से ज्यादा इमारतें जलकर खाक हो गयी है। शहर के चिकित्सा परीक्षक कार्यालय ने इन मौतों की पुष्टि की है। कार्यालय ने शनिवार शाम को कहा कि कुल 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से पांच की मौत पैलिसेड्स जबकि 11 की मौत ईटॉन इलाके में हुई।
फिलहाल आग प्रभावित इलाकों में हल्की हवाएं चल रही हैं, राष्ट्रीय मौसम सेवा ने तेज हवाओं की चेतावनी दी है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी में कहा है कि तेज सेंटा ऐना हवाएं जल्द ही लौट सकती हैं, जो अग्निशामकों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। बता दें, इन हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है और रविवार रात से लेकर सोमवार से बुधवार तक 120 किमी/घंटा तक की रफ़्तार से हवा चलने का अनुमान जताया गया है, जिसने चिंता और बढ़ा दी है।
लॉस एंजिल्स काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट लूना ने बताया कि विनाश को रोकने का काम शनिवार को भी जारी रहा और टीमें शवों को खोजने वाले कुत्तों की मदद से खोजी अभियान चला रही हैं। लूना ने बताया कि पासाडेना में एक परिवार सहायता केंद्र भी स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने निवासियों से कर्फ्यू का पालन करने का आग्रह किया। आग ने करीब 145 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। हजारों लोगों को अब भी आग प्रभावित इलाकों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं। शहर के उत्तर में घनी आबादी वाले 40 किलोमीटर के क्षेत्र में लगी आग ने 12,000 से ज्यादा इमारतों को जलाकर राखकर दिया है, जिसमें घर, अपार्टमेंट इमारतें, व्यवसायिक इमारतें आदि शामिल हैं। हालांकि अब तक आग लगने का मुख्य कारण नहीं पता चल पाया है।