By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
पिछले एक साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे सुजीत कलकल का विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने का सपना फिर अधूरा रहा और वह पुरूषों के 65 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुल मजीद कुदियेव से हार गए। पिछले बारह महीने में अंडर 23 विश्व चैम्पियनशिप, 2026 एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों समेत सात खिताब जीत चुके सुजीत पिछले साल जगरेब में विश्व चैम्पियनशिप के रेपेशाज दौर के बाद से पहली बार हारे हैं। सुजीत ने एशियाई खेलों के फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2 . 9 से पिछड़ने के बाद लगातार आठ अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता था।
इसके बाद कुदियेव को निष्क्रियता का खामियाजा भुगतना पड़ा और सुजीत की बढत 3 . 1 की हो गई। आखिरी 30 सेकंड में मैच का रूख पलट गया। सुजीत ने कुदियेव को चित करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।
जवाबी हमले में कुदियेव ने भी यही रणनीति अपनाई। मैट रैफरी ने सुजीत को दो अंक नहीं दिये लेकिन चेयर अंपायर ने यह अंक दिये। कुदियेव को बाहर कदम निकालने पर एक अंक मिला जिससे सुजीत की बढत 5 . 2 की हो गई।
कुदियेव ने इस फैसले को चुनौती दी और जीते जिससे सुजीत के दो अंक रद्द हुए और कुदियेव को दो अंक मिले। स्कोर अब 3 . 3 था। निर्णायक मूव में सुजीत कुछ कर नहीं पाये और आखिरी अंक बनाने के मानदंड के आधार पर कुदियेव को जीत मिली।
अन्य मुकाबलों में तनु शर्मा ने महिलाओं के 72 किलो वर्ग में ट्यूनीशिया की जैनब एस को रेपेशाज दौर में 5 . 4 से हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं सृष्टि महिलाओं के 68 किलो रेपेशाज में अमेरिका की कैनेडी ब्लेड्स से हारकर बाहर हो गई। मनीषा भानवाला महिलाओं के 59 किलो सेमीफाइनल में पहुंच गई जिन्होंने मंगोलिया की बोलोरतुया के को 6 . 0 से हराया।
इससे पहले उन्होंने कनाडा की लॉरेंस ब्यूरेगार्ड को हराया था। महिलाओं के 55 किलोवर्ग में अहिल्या शिंदे ने क्यूबा की येनेलिस सांज वर्डेसिया को 8 . 1 स हराया लेकिन तुर्की की तूबा देमिर से 6 . 9 से हार गई। पुरूषों के 97 किलो वर्ग में विकी ने सार्को कोलमेनारेज को 8 . 2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई लेकिन जापान के अराश योशिडा से तकनीकी श्रेष्ठता पर 2 . 12 से हार गए।