पश्चिम बंगाल में दिलीप घोष की जगह सुकांता मजूमदार बने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 21, 2021

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बालुरघाट सीट से लोकसभा सदस्य सुकांता मजूमदार को पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई का नया अध्यक्ष बनाया है।

इसे भी पढ़ें: भवानीपुर उपचुनाव : ममता ने अचानक मस्जिद का दौरा किया, स्थानीय लोगों से बातचीत की

गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में घोष का कार्यकाल समाप्त होने में अभी 15 महीने (करीब सवा साल) का वक्त था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष के रूप में मजूमदार के नाम को लेकर पिछले कुछ महीनों से चर्चा चल रही थी, खास तौर से मार्च-अप्रैल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली बुरी हार के बाद चर्चा जोरों पर थी।

बॉटनी से पीएचडी 41 वर्षीय मजूमदार के घोष के साथ करीबी संबंध हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं यह अवसर देने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। पार्टी पिछले कुछ साल में और मजबूत हुई है। मैं इसकी नींव और मजबूत बनाने पर काम करुंगा।’’

पार्टी में अंदरुनी मतभेद और पार्टी छोड़कर जा रहे नेताओं की समस्या से वह कैसे निपटेंगे, यह सवाल करने पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से करीब से जुड़े मजूमदार ने कहा कि जो लोग भाजपा की विचारधारा के प्रति समर्पित हैं, वे पार्टी कभी नहीं छोड़ेंगे। राज्य में दो मई को विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से भाजपा के चार विधायक और एक सांसद तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

नियुक्ति पर मजूमदार को बधाई देते हुए घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में संगठन को आगे ले जाने के लिए राज्य इकाई को नयी ऊर्जा की जरुरत थी। उन्होंने अपनी नयी भूमिका के लिए केन्द्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया।

इसे भी पढ़ें: चुनाव बाद हिंसा की जांच के लिए गठित एनएचआरसी समिति पर बंगाल सरकार ने न्यायालय में सवाल उठाए

भाजपा में प्रदेश स्तर पर हुए इस बदलाव पर तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने कहा, ‘‘दिलीप घोष मेहनती व्यक्ति हैं लेकिन उन्हें अपनी जुबान पर लगाम नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है लेकिन उससे पार्टी को कोई लाभ नहीं होगा। बंगाल में भाजपा डूबता हुआ जहाज है।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी