By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
जापान की कंपनी सुमितोमो कॉरपोरेशन ने कर्नाटक में जापानी विनिर्माण कंपनियों को आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु के पास 100 एकड़ में निजी औद्योगिक पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई है। राज्य के उद्योग मंत्री एम बी पाटिल ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए जापान की यात्रा पर गए पाटिल ने सुमितोमो कॉरपोरेशन, मेइजी सेइका फार्मा और मित्सुबिशी केमिकल ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ कर्नाटक में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
पाटिल ने एक बयान में कहा, सुमितोमो कॉरपोरेशन ने कर्नाटक में जापानी विनिर्माण कंपनियों को आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु के पास 100 एकड़ में निजी औद्योगिक पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि कंपनी की नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कंपनी ने पहले ही हीरो फ्यूचर एनर्जीज के साथ साझेदारी में बीदर में परियोजनाओं में निवेश किया है।
मंत्री ने कहा कि कोप्पल में मुकंद सुमी स्पेशल स्टील के प्रस्तावित निवेश को आगे बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा, मुकंद सुमी स्पेशल स्टील ने पिछले साल कोप्पल में विशेष इस्पात के विनिर्माण के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश में रुचि दिखाई थी। प्रस्तावित परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए और चर्चा की गई।
मेइजी सेइका फार्मा के साथ बैठक के दौरान कंपनी ने कर्नाटक में अपने विनिर्माण कार्यों का विस्तार करने में रुचि दिखाई। इसमें विशेष रूप से एंटीबायोटिक, टीके और अन्य उच्च मूल्य वाले दवा उत्पाद शामिल हैं। पाटिल ने कहा, हमने कंपनी के लिए राज्य में अपने विनिर्माण कार्यों का विस्तार करने के अवसरों का उल्लेख किया।
सरकार प्रस्तावित फार्मा पार्क में कंपनी को जमीन उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। मित्सुबिशी केमिकल ग्रुप के साथ चर्चा में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत सामग्री क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया।