By अभिनय आकाश | Sep 22, 2026
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी नदी के पानी के बंटवारे को फिर से तय करने की मांग वाली एक नई याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि दोनों राज्य पहले से ही इस विवाद को लेकर कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कहा कि वे ऐसे अंतर-राज्यीय जल विवाद में सोसायटियों द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई नहीं करेंगे, जिस पर पहले से ही सुनवाई चल रही है। बेंच ने कहा अगर हम दो राज्यों के बीच चल रहे विवाद में सोसायटियों की याचिकाओं पर सुनवाई करने लगेंगे, तो इसका कोई अंत नहीं होगा। इस याचिका में, दूसरी मांगों के अलावा, तमिलनाडु के हिस्से में से 70 TMC कावेरी का पानी कर्नाटक को फिर से आवंटित करने की मांग की गई थी। यह घटनाक्रम तमिलनाडु को कावेरी का पानी छोड़ने के निर्देशों का कर्नाटक द्वारा पालन करने को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुआ है।