By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
उच्चतम न्यायालय द्वारा तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर की पहाड़ी पर दीपथून में कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति दिए जाने के बाद शुक्रवार को एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार्तिगई दीपम पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
दिसंबर 2025 में मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ के एकल न्यायाधीश ने दीपथून में दीपक जलाने की अनुमति दी थी। जनवरी 2026 में उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने भी इस आदेश को बरकरार रखा था। इस निर्देश को चुनौती देते हुए तमिलनाडु सरकार और दरगाह समिति ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया था तथा आदेश पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी।
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने की एकबारगी अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति होगी। पीठ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का भी निर्देश दिया।
हालांकि, शीर्ष अदालत ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति देने वाले मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले पर रोक लगा दी। तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को अदालत में दलील दी थी कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर में मौजूद हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक स्वरूप दिए जाने की स्थिति पैदा हो सकती है।