By एकता | Sep 28, 2026
सुशांत सिंह राजपूत ने साल 2020 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी मौत जिन हालात में हुई, उन्हें लेकर आज भी कई सवाल उठते हैं। सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति समय-समय पर इस मामले को लेकर अपनी बात रखती रही हैं। अब उन्होंने एक वीडियो के जरिए पोस्टमार्टम को लेकर एक दावा किया है।
श्वेता ने वीडियो में कहा, "जिस व्यक्ति ने भाई का पोस्टमार्टम किया था, उसने हमें हाल में ही बताया है कि शरीर पर कई घाव थे। भाई के गले पर शॉट गन का निशान था, एक टांग टूटी हुई थी और शरीर पर बहुत जोर लगाया गया था, जिसकी वजह से भाई की आंखें भी जख्मी थीं।"
यह श्वेता सिंह कीर्ति की ओर से किया गया दावा है। उन्होंने अपने बयान में पोस्टमार्टम करने वाले व्यक्ति का नाम नहीं बताया।
श्वेता ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि किसी करीबी के साथ ऐसी घटना होने पर उसे स्वीकार करना और माफ करना आसान नहीं होता।
उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि अपने किसी करीबी के बारे में ये सोचकर भी कैसा लगता है? अगर ऐसा कुछ आपके साथ हो तो आप किसी को माफ भी कर सकते हो लेकिन किसी करीबी के साथ ऐसा हो तो दिल कैसे मानेगा? ऐसे में किसी इंसान को माफ करने में आपको बहुत वक्त लगेगा।"
सुशांत सिंह राजपूत के लाखों प्रशंसक हैं, जो लगातार उनके लिए न्याय की मांग करते रहे हैं। श्वेता ने ऐसे लोगों से नफरत या बदले की भावना नहीं रखने और भगवान पर भरोसा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "मैं चाहती हूं कि लोग किसी भी तरह की नफरत या रिवेंज ना पालें। मुझे लगता है कि जिंदगी का पर्पज प्यार फैलाना है, इसलिए भगवान में भरोसा रखें।"